रायपुर। सावन के पावन महीने में राजधानी रायपुर में 16 अगस्त को भव्य कांवड़ यात्रा निकाली जाएगी। न्यू राजेंद्र नगर से शुरू होने वाली इस यात्रा में सर्वसमाज के श्रद्धालु शामिल होंगे। कांवड़ में सात पवित्र नदियों का जल लेकर श्रद्धालु मोतीबाग चौक स्थित श्री बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचेंगे, जहां इसी पवित्र जल से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा।

यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है और आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

Join Our Whatsapp Group
सुबह 10 बजे शुरू होगी करीब 4 किलोमीटर लंबी यात्रा

आयोजक एवं नेतृत्वकर्ता सीए अमित चिमनानी के अनुसार, 16 अगस्त की सुबह न्यू राजेंद्र नगर में कांवड़ यात्रियों का एकत्रीकरण और स्थल पूजन होगा। सुबह 9 बजे पूजन के बाद करीब 10 बजे आशादीप हॉस्पिटल के पास से कांवड़ यात्रा शुरू होगी।

यात्रा न्यू राजेंद्र नगर, रिंग रोड, कटोरातालाब, आकाशवाणी काली मंदिर और सुभाष स्टेडियम होते हुए मोतीबाग चौक स्थित श्री बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचेगी। यहां श्रद्धालु पवित्र नदियों के जल से भगवान शिव का अभिषेक करेंगे। यात्रा के मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं के स्वागत की भी व्यवस्था रहेगी।

सात पवित्र नदियों के जल की रहेगी खास भूमिका

इस कांवड़ यात्रा की सबसे खास बात सात पवित्र नदियों का जल होगा। इसमें मां गंगा, मां नर्मदा, मां अरपा, मां खारुन, राजिम त्रिवेणी संगम, मां महानदी, मां पैरी और मां सोंढूर का जल शामिल किया जाएगा।

आयोजकों के मुताबिक, गंगाजल हर की पौड़ी, नर्मदा का जल ग्वारीघाट जबलपुर, अरपा का जल बिलासपुर घाट और खारुन का जल महादेव घाट से लाया जाएगा। इसके अलावा राजिम त्रिवेणी संगम सहित अन्य पवित्र स्थलों का जल भी कांवड़ में शामिल रहेगा।

सर्वसमाज के श्रद्धालुओं से शामिल होने की अपील

आयोजकों ने बताया कि कांवड़ यात्रा में सर्वसमाज के श्रद्धालुओं की सहभागिता रहेगी। यात्रा में शामिल होने के इच्छुक श्रद्धालुओं से प्री-रजिस्ट्रेशन कराने की अपील की गई है। आयोजन को सफल बनाने के लिए बड़ी संख्या में सेवाभावी कार्यकर्ता तैयारियों में जुटे हुए हैं।

आयोजकों के अनुसार, सावन के इस विशेष आयोजन का उद्देश्य श्रद्धालुओं को एकजुट कर भगवान भोलेनाथ की भक्ति और आस्था का भव्य वातावरण तैयार करना है। 
Published By- | 13-Aug-2026 06:06:00 pm