रायपुर। छत्तीसगढ़ के गन्ना उत्पादक किसानों के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बड़ा फैसला लिया है। राज्य के शक्कर कारखानों में अब गन्ने की खरीदी 425 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जाएगी। इसके साथ ही पेराई सत्र 2025-26 के दौरान खरीदे गए गन्ने का भुगतान भी बढ़ी हुई दर के आधार पर किया जाएगा। सरकार के इस फैसले से प्रदेश के गन्ना किसानों को आर्थिक लाभ मिलने की उम्मीद है।
किसान संघ के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात के बाद लिया फैसला

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से भारतीय किसान संघ, छत्तीसगढ़ प्रदेश के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान प्रदेश के किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। गन्ना उत्पादक किसानों के हितों का विषय भी प्रमुखता से उठाया गया।
Join Our Whatsapp Group
प्रतिनिधिमंडल में संगठन मंत्री मनीष शर्मा, महामंत्री नवीन शेष सहित अन्य पदाधिकारी और सदस्य शामिल थे। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा भी उपस्थित रहे। किसानों की मांगों और उनके हितों को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने गन्ने की खरीदी 425 रुपये प्रति क्विंटल की दर से करने का निर्णय लिया।

पुराने पेराई सत्र का भुगतान भी बढ़ी दर से
सरकार के निर्णय के अनुसार, पेराई सत्र 2025-26 में किसानों से खरीदे गए गन्ने का भुगतान भी बढ़ी हुई दर पर किया जाएगा। इससे संबंधित सत्र में गन्ना बेच चुके किसानों को भी इस फैसले का लाभ मिलने का रास्ता साफ हुआ है।
किसानों की आय बढ़ाना सरकार की प्राथमिकता

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि किसानों की खुशहाली ही समृद्ध छत्तीसगढ़ का आधार है। राज्य सरकार किसानों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य दिलाने और खेती को लाभकारी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने, कृषि लागत कम करने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही हैं। छत्तीसगढ़ सरकार भी किसानों की जरूरतों और समस्याओं को ध्यान में रखकर फैसले ले रही है।

गांवों की समृद्धि से मजबूत होगा छत्तीसगढ़
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था और ग्रामीण विकास में किसानों की अहम भूमिका है। खेती मजबूत होगी तो गांवों की आर्थिक स्थिति बेहतर होगी और इससे पूरे छत्तीसगढ़ की समृद्धि का रास्ता खुलेगा। सरकार का प्रयास है कि किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिले और कृषि उनके लिए सम्मानजनक एवं लाभकारी आजीविका का माध्यम बने।
भारतीय किसान संघ ने जताया आभार

गन्ने की खरीदी की दर बढ़ाकर 425 रुपये प्रति क्विंटल करने के फैसले पर भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आभार जताया। प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि इस निर्णय से प्रदेश के गन्ना उत्पादक किसानों को लाभ मिलेगा और उन्हें अपनी मेहनत का बेहतर प्रतिफल प्राप्त होगा। 
Published By- | 10-Oct-2026 09:54:00 am