बेगूसराय। बिहार के बेगूसराय में दुर्गा पूजा जागरण कार्यक्रम के दौरान एक पुलिस अधिकारी पर महिला कलाकार के साथ मारपीट करने और पिस्टल लहराने का आरोप लगा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान दारोगा ने मंच पर पहुंचकर महिला डांसर को थप्पड़ मार दिया। विरोध करने पर पिस्टल निकालकर लहराने की बात भी सामने आई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी मनीष कुमार ने जांच के आदेश दिए हैं।

मंच पर पहुंचकर महिला कलाकार को मारा थप्पड़
मामला मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पान गाछी स्थित मां वैष्णवी दुर्गा समिति का है। जानकारी के मुताबिक, 19 अक्टूबर 2026 को नवमी के अवसर पर देर रात जागरण कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस दौरान मंच पर महिला कलाकार प्रस्तुति दे रही थीं।
Join Our Whatsapp Group

आरोप है कि ड्यूटी पर तैनात मुफस्सिल थाने के एक दारोगा मंच पर पहुंचे और महिला कलाकार को थप्पड़ मार दिया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद कार्यक्रम में पुलिस अधिकारी के व्यवहार को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

विरोध करने पर पिस्टल लहराने का आरोप
कार्यक्रम के आयोजकों का आरोप है कि संबंधित दारोगा नशे की हालत में थे। उन्होंने महिला कलाकार के साथ दुर्व्यवहार करने के साथ आयोजन समिति के सदस्यों से भी बदसलूकी की। आरोप यह भी है कि जब लोगों ने इसका विरोध किया तो दारोगा ने पिस्टल निकालकर लहराई, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई।

हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
महिला कलाकार ने मांगा इंसाफ
महिला कलाकार के मुताबिक, पुलिस अधिकारी ने कार्यक्रम बंद करने को कहा था। इसके बाद वह मंच से जाने लगीं, तभी उन्हें थप्पड़ मारा गया। कलाकार ने सवाल उठाया कि यदि कार्यक्रम बंद कराना था, तो महिला कलाकार से बात करने के लिए महिला पुलिसकर्मी को भेजा जा सकता था।
महिला कलाकार ने अपने साथ हुए कथित दुर्व्यवहार पर नाराजगी जताते हुए न्याय की मांग की है।

एसपी ने सदर एसडीपीओ को सौंपी जांच
वीडियो सामने आने के बाद बेगूसराय के एसपी मनीष कुमार ने मामले की जांच सदर एसडीपीओ-1 प्रशांत कुमार को सौंपी है। डीएसपी मुख्यालय निखिल कुमार ने भी वायरल वीडियो मिलने और जांच के आदेश दिए जाने की पुष्टि की है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले में जांच के नतीजों का इंतजार है।
Published By- | 21-Oct-2026 04:33:00 pm