सीतापुर। सीतापुर शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण परियोजना की शुरुआत हुई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को वर्चुअल माध्यम से राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर 28.41 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली फोरलेन सड़क परियोजना का शिलान्यास किया। इस परियोजना के तहत सोनतराई से सूर तक 3.82 किलोमीटर सड़क का चौड़ीकरण किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि और नागरिक सीतापुर के सांस्कृतिक भवन में मौजूद रहे।


सड़क के दोनों ओर बनेगी नाली, लगेंगी स्ट्रीट लाइट
Join Our Whatsapp Group
राष्ट्रीय राजमार्ग-43 के किलोमीटर 433.850 से 437.670 तक सड़क को फोरलेन में विकसित किया जाएगा। वन टाइम इम्प्रूवमेंट योजना के तहत होने वाले इस निर्माण में सड़क के दोनों ओर 7-7 मीटर चौड़ी डामरयुक्त सड़क बनाई जाएगी। इसके अलावा बीच में डिवाइडर का निर्माण होगा।
परियोजना में जल निकासी के लिए दोनों तरफ नालियां बनाई जाएंगी। वहीं, पूरे मार्ग पर स्ट्रीट लाइट भी लगाई जाएगी, जिससे रात के समय आवागमन अधिक सुविधाजनक हो सकेगा।

शहरवासियों को जाम और आवागमन की परेशानी से मिलेगी राहत
फोरलेन सड़क बनने से सीतापुर शहर में यातायात का दबाव कम करने और वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी। स्थानीय लोगों के साथ राष्ट्रीय राजमार्ग से गुजरने वाले यात्रियों को भी इसका लाभ मिलेगा। लंबे समय से सड़क चौड़ीकरण की मांग कर रहे नगरवासियों के लिए यह परियोजना महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

सड़क विकास से क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को मिलेगा बढ़ावा : सीएम साय
शिलान्यास कार्यक्रम को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि सड़कें किसी भी क्षेत्र के विकास की बुनियादी जरूरत हैं। बेहतर सड़क संपर्क से आवागमन आसान होता है और व्यापार, रोजगार सहित आर्थिक एवं सामाजिक गतिविधियों को भी गति मिलती है।
उन्होंने कहा कि सरकार क्षेत्र की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए आधारभूत सुविधाओं का विस्तार कर रही है। सीतापुर में राष्ट्रीय राजमार्ग का चौड़ीकरण आम नागरिकों की सुविधा बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

विधायक रामकुमार टोप्पो ने जताया मुख्यमंत्री का आभार
कार्यक्रम में सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने इस परियोजना को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि लंबे समय बाद सीतापुर को इतनी बड़ी सड़क परियोजना मिली है। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त किया।

विधायक ने कहा कि फोरलेन सड़क बनने से नगर के विकास को नई गति मिलेगी और लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा प्राप्त होगी। उन्होंने क्षेत्र में मानव तस्करी की रोकथाम, नशामुक्ति और आम नागरिकों की सुरक्षा जैसे विषयों पर किए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया।

आधुनिक सुविधाओं से बदलेगी सीतापुर की सड़क की तस्वीर
28.41 करोड़ रुपये की इस परियोजना में फोरलेन सड़क, डिवाइडर, नाली और स्ट्रीट लाइट जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। 3.82 किलोमीटर लंबे इस मार्ग के निर्माण से सीतापुर के शहरी क्षेत्र में सड़क अधोसंरचना मजबूत होने के साथ यातायात व्यवस्था को भी बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
Published By- | 30-Oct-2026 10:10:00 am