सीआरपीएफ जवानों पर हमले के बाद शुरू हुई थी तलाश
जानकारी के मुताबिक, 11 नवंबर 2026 को कुलगाम के अखरान गांव में मोटरसाइकिल सवार आतंकियों ने सीआरपीएफ की नाका पार्टी पर हमला किया था। हमलावरों ने जवानों को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। इस घटना में सीआरपीएफ के तीन जवान गंभीर रूप से घायल हो गए थे। वारदात के बाद आतंकी मौके से फरार हो गए थे।
छह दिनों तक चला सुरक्षाबलों का तलाशी अभियान
हमले के बाद आतंकियों की तलाश में सुरक्षाबलों ने बड़े स्तर पर अभियान शुरू किया। सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की संयुक्त टीमें संदिग्ध इलाकों में लगातार तलाशी ले रही थीं। करीब छह दिनों तक चले इस अभियान के दौरान लारू इलाके में आतंकियों की मौजूदगी की सूचना मिली, जिसके बाद सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई।
लश्कर के सक्रिय नेटवर्क को बड़ा झटका
मुठभेड़ में दो आतंकियों के मारे जाने की खबर सामने आई है। इनमें लश्कर कमांडर लतीफ भट का नाम भी शामिल बताया जा रहा है। उसे दक्षिण कश्मीर में संगठन के सक्रिय चेहरों में गिना जाता था।
इस कार्रवाई को दक्षिण कश्मीर में आतंकी नेटवर्क के खिलाफ सुरक्षाबलों की महत्वपूर्ण कामयाबी माना जा रहा है। सीआरपीएफ पर हमले के बाद शुरू हुआ अभियान आतंकियों की तलाश और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा था।