रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जिला पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों (CEO) की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही सुशासन की सबसे बड़ी कसौटी है। उन्होंने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ का सपना तभी साकार होगा, जब गांव आत्मनिर्भर, सशक्त और समृद्ध बनेंगे।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को विकसित भारत जी राम जी योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, लखपति दीदी, प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना समेत अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों को केवल योजनाओं के क्रियान्वयन तक सीमित न रखकर उन्हें सामाजिक परिवर्तन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का मजबूत केंद्र बनाया जाए।

Join Our Whatsapp Group
सीएम साय ने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने जल संरक्षण, कृषि विकास, ग्रामीण आजीविका, पशुपालन, मत्स्य पालन और स्थायी परिसंपत्तियों के निर्माण पर विशेष जोर देते हुए प्रत्येक जिले को स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में अब तक 10.40 लाख से अधिक महिलाएं 'लखपति दीदी' बन चुकी हैं। अब सरकार का लक्ष्य उन्हें कौशल विकास, स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़कर बड़ी संख्या में 'करोड़पति दीदी' बनाना है।

उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के निर्माण कार्यों में तेजी लाने, सामाजिक सुरक्षा पेंशन का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने और प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के भी निर्देश दिए। साथ ही किसानों को सोलर पंप और अन्य सौर ऊर्जा योजनाओं से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने बस्तर संभाग के दूरस्थ क्षेत्रों में सड़क, बिजली, आवास, शिक्षा, स्वास्थ्य और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास की रोशनी प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचनी चाहिए।

बैठक में महाराष्ट्र के हिवड़े बाजार मॉडल का भी उल्लेख किया गया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप प्रत्येक जिले में विकास का अपना मॉडल तैयार किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से समाज निर्माण की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि एक व्यक्ति का दृढ़ संकल्प भी पूरे समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकता है।

बैठक में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, अपर मुख्य सचिव ऋचा शर्मा, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सचिव भीम सिंह, विभागीय संचालक प्रियंका ऋषि महोबिया, सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी अमरजीत सिन्हा सहित प्रदेश के सभी जिला पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
Published By- | 27-Jul-2026 07:36:00 pm