मुख्यमंत्री ने भाजपा सरकार की ओर से आदिवासी समाज के लिए किए गए कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने अनुसूचित जनजाति समाज के लिए अलग मंत्रालय का गठन किया था। उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का भी उल्लेख करते हुए कहा कि उनका देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद तक पहुंचना पूरे जनजातीय समाज के लिए गौरव की बात है।
PM जनमन योजना का किया जिक्र
सीएम साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की विशेष पिछड़ी जनजातियों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पीएम जनमन योजना शुरू की है। योजना के तहत दूरदराज के जनजातीय क्षेत्रों में सड़क, राशन कार्ड और अन्य मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने का काम किया जा रहा है।
उन्होंने दावा किया कि केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आदिवासी समाज को मिल रहा है। साथ ही कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जनजातीय समाज अब राजनीतिक दावों को समझ चुका है।
IGKV पेपर लीक पर सख्त कार्रवाई का भरोसा
इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) में पेपर लीक की आशंका को लेकर भी मुख्यमंत्री ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और यदि किसी की भूमिका सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि पेपर लीक जैसे मामलों में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
BJP की बैठकों पर बोले CM साय
भारतीय जनता पार्टी की लगातार हो रही बैठकों को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए पार्टी में बैठकें होती रहती हैं। उन्होंने इसे पार्टी की सामान्य संगठनात्मक प्रक्रिया बताया।
दो दिवसीय जशपुर दौरे पर रवाना हुए CM
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय दो दिवसीय जशपुर दौरे के लिए रवाना हुए। उन्होंने बताया कि प्रवास के दौरान वह अपने विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
दौरे के दौरान पंडरीपानी में स्टेट बैंक की नई शाखा का शुभारंभ और महतारी वंदन योजना के भवन का लोकार्पण प्रस्तावित है। इसके अलावा विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी किया जाएगा।
मुख्यमंत्री के बयानों के बाद आदिवासी मुद्दे, IGKV पेपर लीक और भाजपा-कांग्रेस के बीच राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप को लेकर छत्तीसगढ़ की सियासत में चर्चा तेज हो गई है।