हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मकान का मलबा सड़क पर फैलने से कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हुई। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है।
‘हाउस जैकिंग’ के दौरान हुआ हादसा
अधिकारियों के मुताबिक, निर्माणाधीन मकान को ऊंचा उठाने के लिए ‘हाउस जैकिंग’ की प्रक्रिया की जा रही थी। इसी दौरान मकान का ढांचा असंतुलित हो गया और अचानक भरभराकर सड़क की ओर गिर पड़ा।
‘हाउस जैकिंग’ या ‘हाउस लिफ्टिंग’ एक इंजीनियरिंग प्रक्रिया है, जिसमें भारी हाइड्रोलिक जैक की मदद से पूरी इमारत को उसकी मौजूदा नींव से ऊपर उठाया जाता है। इसका इस्तेमाल नींव की मरम्मत, ऊंची नींव तैयार करने या इमारत के नीचे नया ग्राउंड फ्लोर बनाने जैसे कामों के लिए किया जा सकता है।
सड़क पर गिरा मलबा, बिजली के तारों में हुआ शॉर्ट सर्किट
मकान गिरने के बाद उसका मलबा सड़क पर जा गिरा। इसी दौरान बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट होने से मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
घटना के समय सड़क से गुजर रही कार में सवार लोग समय रहते हादसे की चपेट में आने से बच गए। घटना के बाद कुछ समय तक इलाके में यातायात प्रभावित रहा।
CCTV में कैद हुआ पूरा हादसा
मकान गिरने की पूरी घटना पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। सामने आए फुटेज में निर्माणाधीन ढांचा अचानक सड़क की ओर गिरता दिखाई दे रहा है। घटना के दौरान आसपास लोग भी मौजूद थे।
CCTV फुटेज सामने आने के बाद हादसे की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है कि किस तरह कुछ ही पलों में मकान का ढांचा सड़क पर आ गिरा।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, हादसे में किसी के हताहत या घायल होने की जानकारी नहीं है।
अधिकारी ने बताया कि मकान का मालिक घटनास्थल पर नहीं रहता है। पुलिस और संबंधित विभागों की ओर से मौके पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, मकान को जैक के जरिए ऊपर उठाने के दौरान ढांचा असंतुलित होने से यह हादसा हुआ।