उप मुख्यमंत्री अरुण साव बिलासपुर में आयोजित 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। चार दिवसीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए बिलासपुर संभाग ने ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया।
‘जो खेलेगा, वही खिलेगा’
डिप्टी CM अरुण साव ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल के मैदान में संघर्ष और मेहनत करने वाले खिलाड़ी ही सफलता की नई ऊंचाइयों तक पहुंचते हैं।
उन्होंने कहा कि “जो खेलेगा, वही खिलेगा।” राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच और सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलो इंडिया जैसी योजनाओं के माध्यम से देशभर के खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं।
बस्तर और सरगुजा ओलंपिक का किया जिक्र
अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार ने खेलों को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। राज्य में बस्तर ओलंपिक और सरगुजा ओलंपिक का आयोजन किया गया है। वहीं छत्तीसगढ़ को खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स की मेजबानी का अवसर भी मिला है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने बंद हो चुके खेल अलंकरण को दोबारा शुरू करने के साथ उत्कृष्ट खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में भी पहल की है।
खिलाड़ियों को मिले 1.74 करोड़ रुपए
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि हाल ही में 29 अगस्त को राज्य सरकार ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहन स्वरूप 1 करोड़ 74 लाख रुपए की राशि प्रदान की है।
उन्होंने कहा कि अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष योजना के तहत इस वर्ष के बजट में 100 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है।
इस योजना के माध्यम से खेल अधोसंरचना को मजबूत करने के साथ स्पोर्ट्स साइंस के क्षेत्र में भी सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।
845 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में प्रदेश के पांचों संभागों के 845 खिलाड़ियों और 150 से अधिक ऑफिशियल्स ने भाग लिया।
चार दिवसीय प्रतियोगिता में बेसबॉल, तैराकी और वाटर पोलो की स्पर्धाएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिता का आयोजन बिलासपुर के संजय तरण पुष्कर और छत्तीसगढ़ स्कूल खेल मैदान में किया गया।
3800 अंकों के साथ बिलासपुर ओवरऑल चैंपियन
प्रतियोगिता में बिलासपुर संभाग के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। बिलासपुर संभाग ने कुल 3800 अंक हासिल करते हुए ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया।
समापन समारोह में उप मुख्यमंत्री अरुण साव और अन्य अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
शिक्षा के साथ खेल भी जरूरी: अमर अग्रवाल
बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि जीवन केवल शिक्षा तक सीमित नहीं है। शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत रहने के लिए खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
उन्होंने कहा कि देश में खेलों के विकास के लिए बनाई गई नीतियों का परिणाम है कि आज भारतीय खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन कर रहे हैं।
खेल की प्रतिस्पर्धा बनाती है भविष्य उज्ज्वल
बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि खेल के माध्यम से छत्तीसगढ़ को नई पहचान दिलाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। खेल के मैदान की प्रतिस्पर्धा खिलाड़ियों को जीवन की चुनौतियों के लिए तैयार करती है और उनका भविष्य उज्ज्वल बनाती है।
उन्होंने खिलाड़ियों से खेल के क्षेत्र में अपने परिवार, प्रदेश और देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
समापन समारोह में मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया, छत्तीसगढ़ पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष राजा पांडेय सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी, खिलाड़ी और खेलप्रेमी मौजूद रहे।