भारत पर जीत के बाद बदला खिलाड़ियों का रवैया
दरअसल, 2021 टी20 वर्ल्ड कप में बाबर आजम की कप्तानी में पाकिस्तान ने भारत को 10 विकेट से हराया था। यह किसी भी वर्ल्ड कप मुकाबले में भारत के खिलाफ पाकिस्तान की पहली जीत थी। इस मैच में बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान ने शानदार प्रदर्शन किया था।
मोहम्मद यूसुफ का मानना है कि इस जीत के बाद खिलाड़ियों में जरूरत से ज्यादा आत्मविश्वास आ गया और वे खुद को बहुत बड़ा खिलाड़ी समझने लगे।
मोहम्मद यूसुफ ने क्या कहा?
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान मोहम्मद यूसुफ ने कहा कि भारत के खिलाफ 2021 की जीत ने पाकिस्तान क्रिकेट को काफी नुकसान पहुंचाया। उनके मुताबिक, उस जीत के बाद खिलाड़ियों को लगा कि उन्होंने बहुत बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है।
उन्होंने कहा कि सफलता मिलने के बाद खिलाड़ियों को विनम्र रहना चाहिए, लेकिन पाकिस्तान टीम में कुछ खिलाड़ियों के रवैये में बदलाव देखने को मिला। यूसुफ ने कहा कि इसी मानसिकता के कारण टीम के भीतर कई समस्याएं पैदा हुईं।
‘टीम में हर कोई कप्तान बनना चाहता है’
मोहम्मद यूसुफ ने पाकिस्तान क्रिकेट की अंदरूनी स्थिति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि टीम में हर खिलाड़ी कप्तान बनने की इच्छा रखता है और इसका खामियाजा पूरे पाकिस्तान क्रिकेट को भुगतना पड़ रहा है।
उनके अनुसार पिछले चार से पांच सालों में पाकिस्तान का प्रदर्शन लगातार खराब रहा है। चाहे टी20 वर्ल्ड कप हो, वनडे वर्ल्ड कप, एशिया कप या चैंपियंस ट्रॉफी, टीम बड़े टूर्नामेंटों में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकी।
PCB के फैसलों का किया समर्थन
पूर्व दिग्गज ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के कड़े फैसलों का भी समर्थन किया। उन्होंने कहा कि PCB ने टीम को सुधारने के लिए कई प्रयास किए। इस दौरान कई कोच बदले गए, लेकिन खिलाड़ी अपनी जिम्मेदारी निभाने में सफल नहीं हुए।
यूसुफ ने कहा कि जब खिलाड़ियों ने जिम्मेदारी नहीं ली तो बोर्ड को सख्त फैसले लेने पड़े। उन्होंने PCB की मौजूदा कार्रवाई और फैसलों का समर्थन करते हुए कहा कि पाकिस्तान क्रिकेट को सुधारने के लिए अनुशासन और जवाबदेही बेहद जरूरी है।
तीनों फॉर्मेट में संघर्ष कर रहा पाकिस्तान
पाकिस्तान क्रिकेट टीम इस समय टेस्ट, वनडे और टी20 तीनों फॉर्मेट में संघर्ष कर रही है। टीम के लगातार खराब प्रदर्शन के बाद पूर्व खिलाड़ी और क्रिकेट विशेषज्ञ लगातार टीम प्रबंधन और खिलाड़ियों पर सवाल उठा रहे हैं।
मोहम्मद यूसुफ के इस बयान के बाद पाकिस्तान क्रिकेट की 2021 की भारत पर जीत और उसके बाद टीम के प्रदर्शन को लेकर नई बहस छिड़ गई है।