ग्राम सरेखा में गौशाला के लिए स्थल चयन के निर्देश
डिप्टी CM विजय शर्मा ने अधिकारियों को जिले में गौधन के लिए प्रभावी और स्थानीय जरूरतों के अनुरूप व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पशुपालन विभाग के अधिकारियों से ग्राम सरेखा में गौशाला निर्माण के लिए उपयुक्त स्थल का चयन करने को कहा।
दुर्घटना की स्थिति में तत्काल सहायता के निर्देश
बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग समेत जिले के प्रमुख मार्गों पर होने वाली दुर्घटनाओं और आपात स्थितियों से निपटने पर भी चर्चा हुई। उप मुख्यमंत्री ने क्रेन, जेसीबी मशीन और अन्य जरूरी संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
गुजरात की व्यवस्था का अध्ययन करेगा कबीरधाम
उप मुख्यमंत्री ने गुजरात में गौधन की देखभाल और पशुधन प्रबंधन के लिए अपनाई जा रही व्यवस्थाओं का अध्ययन करने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि गुजरात की उपयोगी व्यवस्थाओं को कबीरधाम की स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार लागू करने की संभावनाओं पर काम किया जाए।
उन्होंने गौसेवकों और गौ रक्षकों को गुजरात की पशुधन प्रबंधन व्यवस्था का प्रत्यक्ष अवलोकन कराने के लिए भ्रमण कराने की बात भी कही।
गौधन के उपचार के लिए दवाइयों की उपलब्धता पर जोर
विजय शर्मा ने पशु चिकित्सा विभाग को जिले में पर्याप्त दवाइयां और चिकित्सा सामग्री उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। उन्होंने बीमार और घायल पशुओं को समय पर उपचार दिलाने के लिए पशु चिकित्सकों और अन्य कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।
गौसेवकों और प्रशासन के बीच समन्वय पर जोर
डिप्टी CM ने कहा कि गौधन की सुरक्षा और देखभाल के लिए प्रशासन के साथ समाज की सहभागिता भी जरूरी है। उन्होंने गौसेवकों, पशुपालकों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को आपसी समन्वय से काम करने की बात कही।
साथ ही संबंधित अधिकारियों को गौसेवकों और पशुपालकों के साथ बैठक कर स्थानीय जरूरतों के अनुसार ठोस रणनीति और कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, कलेक्टर तुलिका प्रजापति, अपर कलेक्टर नरेंद्र पैकरा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार, उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं सहित जनप्रतिनिधि, गौसेवक और पशुपालक मौजूद रहे।