Bilaspur News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सार्वजनिक सेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर को बिलासपुर जिले में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान पूरे जिले में करीब 10 लाख दीप एक साथ प्रज्वलित किए जाएंगे।

जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन पुलिस परेड ग्राउंड में शाम 7 बजे होगा। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री एवं बिलासपुर जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव मौजूद रहेंगे। यहां करीब 1 लाख 25 हजार दीप जलाए जाएंगे।

Join Our Whatsapp Group
धार्मिक और ऐतिहासिक स्थल भी होंगे रोशन

अभियान के तहत जिले के प्रमुख धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों पर भी दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। रतनपुर में 11 हजार, बेलपान में 1,100, ताला में 1,100 और मल्हार में 11 हजार दीप जलाने की तैयारी है।

इसके अलावा जिले के चारों विकासखंडों की चयनित 44 ग्राम पंचायतों में शत-प्रतिशत घरों में दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।

इन गांवों में हर घर जलेगा दीप

बिल्हा, कोटा, मस्तुरी और तखतपुर विकासखंड की चयनित ग्राम पंचायतों में प्रत्येक घर में दीप जलाए जाएंगे। इसके अलावा जिले के हर गांव में 100 से अधिक ‘आशीर्वाद के दीये’ जलाने की व्यवस्था की गई है।

सरकारी भवनों और स्कूलों में भी होगा दीप प्रज्वलन

शाम 7 बजे जिले के सभी शासकीय भवनों, विद्यालयों, पंचायत भवनों, आंगनबाड़ी केंद्रों और ग्राम पंचायतों में दीप जलाए जाएंगे।

प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं के हितग्राहियों के घरों में भी दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।

महिला समूह और जल संरचनाएं भी बनेंगी आयोजन का हिस्सा

महिला स्व-सहायता समूहों की दीदियां विभिन्न स्थानों पर दीप प्रज्वलन कार्यक्रम में सहयोग करेंगी। वहीं जल जन सेवा संकल्प के तहत जिले के बांध, बैराज, एनीकट और नहर शीर्षों पर भी दीप जलाए जाएंगे।

इस आयोजन के जरिए जिलेभर में एक साथ दीप प्रज्वलित कर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
Published By- | 17-Sep-2026 12:42:00 pm