फ्रेंचाइजी ने बताया कि लिसा कीटली ने मुख्य कोच के पद से आगे बढ़ने का फैसला किया है। इसके बाद ल्यूक विलियम्स को नया हेड कोच बनाया गया है।
लिसा कीटली की जगह ल्यूक विलियम्स
मुंबई इंडियंस ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि लिसा कीटली ने टीम के मुख्य कोच के पद से हटने का फैसला किया है। उनकी जगह ल्यूक विलियम्स को WPL 2027 के लिए नियुक्त किया गया है।
कीटली को पिछले साल सितंबर में मुंबई इंडियंस की महिला टीम का हेड कोच बनाया गया था। उनके कार्यकाल में टीम पांच टीमों की लीग में चौथे स्थान पर रही थी।
मुंबई इंडियंस ने इससे पहले 2023 और 2025 में WPL का खिताब जीता था, जबकि 2024 में टीम एलिमिनेटर तक पहुंची थी।
RCB को चैंपियन बना चुके हैं विलियम्स
ल्यूक विलियम्स के पास महिला क्रिकेट में कोचिंग का लंबा अनुभव है। वह 2025 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की महिला टीम के हेड कोच रहे थे। उनके कार्यकाल में RCB ने अपना पहला WPL खिताब जीता था।
विलियम्स इससे पहले महिला बिग बैश लीग में एडिलेड स्ट्राइकर्स और महिला ‘द हंड्रेड’ में सदर्न ब्रेव के हेड कोच की भूमिका भी निभा चुके हैं।
विलियम्स बोले- टीम के साथ कुछ खास बनाने का मौका
नए हेड कोच ल्यूक विलियम्स ने कहा कि मुंबई इंडियंस के पास मिलकर कुछ खास तैयार करने का शानदार अवसर है। उन्होंने टीम के साथ रोमांचक क्रिकेट खेलने और सफलता के लिए प्रतिस्पर्धा करने को लेकर उत्साह जताया।
मुंबई इंडियंस की मालकिन नीता अंबानी ने भी विलियम्स की नियुक्ति पर कहा कि वह अपने साथ व्यापक अनुभव, महिला क्रिकेट की गहरी समझ और खिलाड़ियों के विकास के प्रति मजबूत प्रतिबद्धता लेकर आए हैं।
तीन बार जीत चुके हैं ब्रैडमैन मेडल
ल्यूक विलियम्स ने अपने क्रिकेट करियर के दौरान 2005-06, 2007-08 और 2009-10 में ग्रेड क्रिकेट का प्रतिष्ठित ब्रैडमैन मेडल तीन बार जीता है। अब वह WPL 2027 में मुंबई इंडियंस को कोचिंग देते नजर आएंगे।