सक्ती/रायपुर। सक्ती जिले के ग्राम कचंदा में सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा सेतु’ (सरकार आपके द्वार) कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री गुरु खुशवंत साहेब शामिल हुए। उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और पात्र हितग्राहियों को मिल रहे लाभ की जानकारी ली।

छात्राओं को वितरित की साइकिल

Join Our Whatsapp Group
कार्यक्रम के दौरान मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने सरस्वती साइकिल योजना के तहत छात्राओं को साइकिल वितरित की। वहीं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

मंत्री ने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ लगातार आगे बढ़ने और अपने निर्धारित लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रोत्साहित किया।

विभागीय स्टॉलों का किया अवलोकन

मंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों से शासन की योजनाओं की प्रगति, पात्र हितग्राहियों की स्थिति और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने की जानकारी ली।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र और जरूरतमंद लोगों तक प्राथमिकता के साथ पहुंचाया जाए। साथ ही ग्रामीणों की समस्याओं और आवश्यकताओं का स्थानीय स्तर पर समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

हितग्राहियों को सौंपी आवास की चाबी

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का मकान प्राप्त करने वाले हितग्राहियों को आवास की चाबी सौंपी गई। लंबे समय से पक्के घर का इंतजार कर रहे परिवारों को जब उनके आवास की चाबी मिली तो उनके चेहरों पर खुशी नजर आई।

इसके अलावा प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत भी हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। उज्ज्वला योजना के माध्यम से लाभार्थियों को धुआं मुक्त रसोई की सुविधा मिलने पर उन्होंने सरकार के प्रति आभार जताया।

‘अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ’

इस अवसर पर प्रभारी मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन, समर्पण और गरीब कल्याण की भावना के साथ जनहित के कार्य किए जा रहे हैं। सरकार का उद्देश्य समाज की अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक विकास और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।

उन्होंने कहा कि ‘सरकार आपके द्वार’ जैसे सेवा सेतु कार्यक्रम शासन और जनता के बीच सीधे संवाद का प्रभावी माध्यम हैं। ऐसे आयोजनों से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी मिलने के साथ पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ भी उपलब्ध कराया जा रहा है।
Published By- | 04-Oct-2026 09:20:00 am