Raipur News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायपुर जिले के अभनपुर में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और सिद्धार्थ शंभू के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 139वीं कड़ी सुनी। इस दौरान सीएम साय ने कहा कि यह कार्यक्रम देश की लोकशक्ति की आराधना और 140 करोड़ देशवासियों से आत्मीय संवाद का सशक्त माध्यम है।

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रविवार को रायपुर जिले के अभनपुर स्थित अग्रवाल भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का श्रवण किया। इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, सिद्धार्थ शंभू सहित कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Join Our Whatsapp Group
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ‘मन की बात’ के माध्यम से प्रधानमंत्री देश के सामान्य नागरिकों के असाधारण कार्यों, नवाचारों और जनसेवा के प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान दिला रहे हैं। इससे लोगों को समाज और राष्ट्र के लिए कुछ नया करने की प्रेरणा मिलती है।


‘मन की बात’ में छत्तीसगढ़ की संस्कृति को मिल रही पहचान
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि यह छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है कि प्रधानमंत्री ने ‘मन की बात’ की विभिन्न कड़ियों में प्रदेश की समृद्ध संस्कृति, जनजातीय परंपराओं, खेल प्रतिभाओं और नवाचारों का उल्लेख किया है।

उन्होंने कहा कि बस्तर ओलंपिक और बस्तर पंडुम जैसे आयोजनों के माध्यम से प्रदेश की जनजातीय संस्कृति और खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। शांति, विश्वास और विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा बस्तर अपनी सांस्कृतिक विरासत और युवा प्रतिभाओं के दम पर नई पहचान बना रहा है।

कोरिया के ‘पांच प्रतिशत मॉडल’ की भी हुई सराहना
सीएम साय ने छत्तीसगढ़ में जल संरक्षण के प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरिया जिले के अभिनव ‘पांच प्रतिशत मॉडल’ की सराहना की है।

इस मॉडल के तहत किसान अपनी भूमि के पांच प्रतिशत हिस्से में तालाब बनाकर वर्षा जल का संचय करते हैं। इससे सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने के साथ भूजल संरक्षण को भी बढ़ावा मिलता है।

मुख्यमंत्री ने ऐतिहासिक मल्हार के ताम्रपत्रों और पोषण को बढ़ावा देने वाले ‘हर घर मुनगा’ अभियान का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास छत्तीसगढ़ की विशिष्ट पहचान को राष्ट्रीय मंच पर स्थापित करते हैं।

स्थानीय उत्पादों और ‘वोकल फॉर लोकल’ पर जोर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ की 139वीं कड़ी में कार्यक्रम की 12 वर्षों की यात्रा का उल्लेख करते हुए देशवासियों के परिश्रम, सेवा और समर्पण की सराहना की।

कार्यक्रम में पंजाब में प्राकृतिक कपास की खेती और बुनकरी के जरिए महिला सशक्तिकरण, उत्तराखंड में हेवल नदी के पुनर्जीवन और स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने जैसे प्रयासों का जिक्र किया गया।

प्रधानमंत्री ने त्योहारों के दौरान स्थानीय कारीगरों के उत्पाद खरीदने और ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को आगे बढ़ाने का आह्वान भी किया।
ई-संजीवनी, डीप-टेक स्टार्टअप और अंगदान का संदेश
‘मन की बात’ में प्रधानमंत्री ने ई-संजीवनी, आधुनिक अनुसंधान, युवाओं के डीप-टेक स्टार्टअप, श्रीअन्न की खेती और अंगदान के महत्व पर भी बात की। इसके साथ ही सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर ‘रन फॉर यूनिटी’ में भागीदारी, स्वच्छता और सामाजिक एकता को मजबूत करने का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इस कार्यक्रम ने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, स्थानीय उत्पादों के प्रोत्साहन और जनभागीदारी जैसे विषयों को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

विकसित भारत के लिए विकसित छत्तीसगढ़ जरूरी: CM साय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में विकसित छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प को साकार करने के लिए जनभागीदारी, नवाचार और अपने कर्तव्यों के प्रति समर्पण आवश्यक है।

उन्होंने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों से छत्तीसगढ़ और देश विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचेंगे।
इस अवसर पर रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, सांसद लक्ष्मी वर्मा, अभनपुर विधायक इंद्र कुमार साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
Published By- | 26-Oct-2026 11:56:00 am