देश के लिए मॉडल बन सकती है छत्तीसगढ़ हॉकी लीग
समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा कि छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का आयोजन देश के अन्य राज्यों के लिए भी प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि सरकार की मजबूत इच्छाशक्ति और बेहतर योजना से खेलों के क्षेत्र में ऐसे बड़े आयोजन किए जा सकते हैं।
उन्होंने हॉकी को भारत का गौरव बताते हुए मेजर ध्यानचंद के योगदान को याद किया। मांडविया ने कहा कि ध्यानचंद ने अपने असाधारण खेल कौशल से पूरी दुनिया में भारतीय हॉकी की पहचान बनाई। उनकी उपलब्धियां आज भी युवा खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा देती हैं।
गांवों और आदिवासी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को मिलेगा मौका: CM साय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं की भरमार है। खासकर ग्रामीण इलाकों, जनजातीय क्षेत्रों और दूरस्थ अंचलों में ऐसे अनेक खिलाड़ी हैं, जिन्हें सही प्रशिक्षण और सुविधाएं मिलें तो वे राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेल अधोसंरचना को मजबूत करने और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन शुरू किया गया है। इसके माध्यम से गांवों और दूरस्थ क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को पहचानकर प्रशिक्षण की बेहतर सुविधाओं से जोड़ा जाएगा।
छह टीमों के बीच हुआ रोमांचक मुकाबला
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में प्रदेश की छह टीमों ने हिस्सा लिया। इनमें राजधानी रॉयल्स, न्यायधानी नाइट्स, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स, चक्रधर चैंपियंस, बैलाडीला बुल्स और मैनपाट टाइटंस शामिल रहीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस प्रतियोगिता ने बस्तर से सरगुजा और रायगढ़ से राजनांदगांव तक के खिलाड़ियों को एक मंच पर आने का अवसर दिया। खिलाड़ियों ने न केवल अपनी प्रतिभा दिखाई, बल्कि एक-दूसरे से अनुभव और खेल की बारीकियां भी सीखीं।
हर टीम में शामिल रहे ओलंपिक खिलाड़ी
इस लीग की खास बात यह रही कि प्रत्येक टीम में एक ओलंपिक खिलाड़ी को शामिल किया गया था। इससे प्रदेश के उभरते खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेल चुके अनुभवी खिलाड़ियों के साथ मैदान साझा करने का मौका मिला।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, ऐसे अनुभव युवा खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ाते हैं और उन्हें भविष्य की बड़ी प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करते हैं।
जियोहॉटस्टार पर हुआ मुकाबलों का प्रसारण
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग को ज्यादा से ज्यादा दर्शकों तक पहुंचाने के लिए इसके मुकाबलों का प्रसारण जियोहॉटस्टार पर किया गया। प्रतियोगिता में हिंदी के साथ छत्तीसगढ़ी भाषा में कमेंट्री की व्यवस्था भी रखी गई।
लीग का संदेश 'चलव रे संगी, हॉकी खेलबो' रहा, जिसके जरिए युवाओं को खेलों से जुड़ने और हॉकी को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
प्रधानमंत्री के नेतृत्व में खेलों को मिल रहा बढ़ावा
केंद्रीय मंत्री डॉ. मांडविया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों के प्रति सकारात्मक माहौल तैयार हुआ है। खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसे अभियानों ने युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित किया है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का विस्तार होगा और यह प्रदेश के साथ देशभर के खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करेगी।
समारोह में कई दिग्गज रहे मौजूद
समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद बृजमोहन अग्रवाल और छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के एंबेसडर सरदार सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान विजेता और उपविजेता टीमों के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने आयोजन से जुड़े खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और आयोजकों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।