गुरुवार को मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने पैरा तीरंदाजी के गोल्ड मेडलिस्ट तोमन कुमार और पैरा बैडमिंटन में कांस्य पदक हासिल करने वाले अभिजीत सखूजा को सम्मानित किया। अभिजीत को 31 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देने का ऐलान किया गया। दोनों खिलाड़ियों को शॉल और बस्तर कला का प्रतीक चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव भी मौजूद रहे।
नक्सली हमले में गंवाया बायां पैर, फिर शुरू किया नया सफर
बालोद जिले के नवागांव निवासी तोमन कुमार की उपलब्धि के पीछे संघर्ष की लंबी कहानी है। वे CRPF की कोबरा बटालियन में अपनी सेवाएं दे रहे थे। वर्ष 2022 में झारखंड में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान आईईडी विस्फोट की चपेट में आने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस हादसे में उन्हें अपना बायां पैर गंवाना पड़ा।
इतनी बड़ी शारीरिक क्षति के बाद भी उन्होंने खुद को कमजोर नहीं पड़ने दिया। वर्ष 2023 में उन्होंने पैरा तीरंदाजी का अभ्यास शुरू किया। कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के दम पर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंच पर स्वर्ण पदक जीतकर अपनी अलग पहचान बनाई।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने तोमन के साहस की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने पहले देश की सुरक्षा में अपना योगदान दिया और अब अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में तिरंगे का गौरव बढ़ाया है। उनका संघर्ष युवाओं के लिए प्रेरणा है।
बचपन की चुनौती को मात देकर अभिजीत ने जीता ब्रॉन्ज
सम्मान समारोह में बिलासपुर के पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी अभिजीत सखूजा को भी सम्मानित किया गया। अभिजीत बचपन से ही क्लब फुट की शारीरिक समस्या से जूझ रहे हैं। तमाम चुनौतियों के बावजूद उन्होंने खेल को अपना करियर बनाया और एशियन पैरा गेम्स 2026 में कांस्य पदक अपने नाम किया।
मुख्यमंत्री ने अभिजीत की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सफलता यह दिखाती है कि मजबूत इच्छाशक्ति और लगातार प्रयास से कठिन परिस्थितियों में भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं देने पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की कमी नहीं है। सरकार का प्रयास है कि उन्हें अच्छी ट्रेनिंग, आधुनिक संसाधन और अपनी प्रतिभा दिखाने के पर्याप्त अवसर मिलें।
उन्होंने दोनों खिलाड़ियों को भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया। साथ ही बताया कि अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को आगामी प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए खेल विभाग की योजनाओं के तहत 3 लाख रुपये तक की टीए-डीए सहायता भी उपलब्ध कराई जाती है।
अरुण साव ने भी बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनकी उपलब्धियों को पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय बताया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक खेल सुविधाएं और आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही है।
कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार, खेल संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो सहित दोनों खिलाड़ियों के परिजन भी उपस्थित रहे।
51 लाख और 31 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि के साथ इन दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धि छत्तीसगढ़ में पैरा खेलों को नई पहचान दे रही है। खासकर तोमन कुमार की कहानी यह संदेश देती है कि मुश्किलें कितनी भी बड़ी हों, हौसला मजबूत हो तो मंजिल हासिल की जा सकती है।