गृह मंत्रालय के तहत काम करने वाले इंडियन साइबरक्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) ने WhatsApp Web के सुरक्षित इस्तेमाल को लेकर चेतावनी दी है। एजेंसी के मुताबिक, सार्वजनिक या दूसरे व्यक्ति के कंप्यूटर पर अकाउंट खुला छोड़ना साइबर अपराधियों के लिए आपकी निजी जानकारी तक पहुंचने का रास्ता बन सकता है।
सिर्फ ब्राउजर बंद करने से लॉग-आउट नहीं होता
अक्सर लोग साइबर कैफे या ऑफिस के कंप्यूटर पर WhatsApp Web इस्तेमाल करने के बाद केवल ब्राउजर का टैब या विंडो बंद कर देते हैं। लेकिन ऐसा करने से जरूरी नहीं कि आपका WhatsApp अकाउंट लॉग-आउट हो जाए।
यदि अकाउंट उसी सिस्टम पर सक्रिय रहता है, तो बाद में कंप्यूटर इस्तेमाल करने वाला व्यक्ति आपकी चैट और कॉन्टैक्ट्स तक पहुंच सकता है। इसलिए WhatsApp Web इस्तेमाल करने के बाद बाकायदा लॉग-आउट करना बेहद जरूरी है।
ठग ऐसे बना रहे हैं लोगों को निशाना
साइबर अपराधी अब आम लोगों के साथ-साथ कंपनियों के बड़े अधिकारियों और चार्टर्ड अकाउंटेंट को भी निशाना बना रहे हैं।
ठग खुद को सरकारी अधिकारी, आरबीआई अधिकारी या कंपनी का वरिष्ठ अधिकारी बताकर संदिग्ध फाइलें और लिंक भेजते हैं। इनके जरिए लोगों को साइबर जाल में फंसाया जा सकता है।
कई मामलों में अकाउंट का गलत इस्तेमाल कर वरिष्ठ अधिकारी के नाम से अकाउंट विभाग को पैसे ट्रांसफर करने के निर्देश दिए जाते हैं। कर्मचारी इसे असली आदेश समझकर बड़ी रकम भेज सकते हैं।
साइबर अपराधों का खतरा लगातार बढ़ रहा है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2025 में भारत में 29.44 लाख से अधिक साइबर घटनाएं दर्ज की गईं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी कई बड़ी कंपनियां साइबर हमलों के कारण कामकाज में बाधा का सामना कर चुकी हैं।
WhatsApp को सुरक्षित रखने के लिए अपनाएं ये 5 उपाय
1. दूसरे के कंप्यूटर पर लॉग-इन करने से बचें
साइबर कैफे, होटल, लाइब्रेरी या किसी अनजान व्यक्ति के लैपटॉप पर WhatsApp Web खोलने से बचें।
2. इस्तेमाल के बाद जरूर करें लॉग-आउट
यदि किसी दूसरे सिस्टम पर WhatsApp Web इस्तेमाल किया है, तो काम पूरा होते ही अकाउंट से लॉग-आउट कर दें। केवल ब्राउजर बंद करना पर्याप्त नहीं है।
3. Linked Devices की नियमित जांच करें
अपने मोबाइल में WhatsApp खोलें और Settings में जाकर Linked Devices विकल्प पर जाएं। यहां आपके अकाउंट से जुड़े सभी डिवाइस दिखाई देंगे। किसी अनजान डिवाइस की जानकारी मिलने पर तुरंत उसे लॉग-आउट कर दें।
4. अनजान लिंक और फाइल पर क्लिक न करें
WhatsApp या ईमेल पर आए संदिग्ध लिंक, APK फाइल और अनजान दस्तावेजों को बिना जांचे डाउनलोड या ओपन न करें।
5. पैसे ट्रांसफर करने से पहले करें पुष्टि
यदि बॉस, अधिकारी या किसी परिचित के WhatsApp से अचानक बड़ी रकम ट्रांसफर करने का मैसेज आए, तो तुरंत भरोसा न करें। पैसे भेजने से पहले संबंधित व्यक्ति को फोन करके या आमने-सामने बात करके आदेश की पुष्टि जरूर करें।
फोन में अभी चेक करें ये सेटिंग
आप भी अपने WhatsApp की सुरक्षा जांच सकते हैं:
WhatsApp खोलें।
Settings में जाएं।
Linked Devices पर क्लिक करें।
जुड़े हुए सभी डिवाइस की जानकारी देखें।
कोई अनजान डिवाइस दिखाई दे तो उस पर क्लिक करके Log Out कर दें।
ध्यान रखें: आपकी WhatsApp चैट, फोटो और निजी जानकारी बेहद महत्वपूर्ण हैं। छोटी सी डिजिटल लापरवाही आपकी गोपनीयता और आर्थिक सुरक्षा दोनों को खतरे में डाल सकती है। इसलिए सार्वजनिक कंप्यूटर पर WhatsApp इस्तेमाल करते समय सतर्क रहें और अपने अकाउंट से जुड़े डिवाइस की नियमित जांच करते रहें।