विधायक की इस घोषणा से विद्यार्थियों में उत्साह देखने को मिला। उन्होंने बच्चों को लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत करने और शिक्षा के माध्यम से अपने भविष्य को बेहतर बनाने के लिए प्रेरित किया।
Join Our Whatsapp Group
सांकरा में युवाओं के लिए कई घोषणाएं
ग्राम सांकरा में आयोजित युवा संवाद के दौरान विधायक अनुज शर्मा ने स्कूली विद्यार्थियों से उनकी पढ़ाई, रुचियों और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की। बच्चों के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने शिक्षा के महत्व को समझाया।
उन्होंने स्कूल की लाइब्रेरी के लिए ज्ञानवर्धक पुस्तकें उपलब्ध कराने, विद्यार्थियों को छत्तीसगढ़ विधानसभा का भ्रमण कराने और स्कूल में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत करने की घोषणा की।
इसके साथ ही गांव में खेल मैदान का समतलीकरण और बालिका शौचालय निर्माण कराने का भी ऐलान किया।
निमोरा में सब-स्टेशन और हाईमास्ट लाइट की सौगात
ग्राम निमोरा में विधायक ने शौचालय और स्कूल में अतिरिक्त कक्ष निर्माण का भूमिपूजन किया। ग्रामीणों ने लो-वोल्टेज और बिजली कटौती की समस्या उठाई, जिस पर उन्होंने नया बिजली सब-स्टेशन स्थापित करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा बाजार चौक में हाईमास्ट लाइट लगाने की घोषणा की गई। राशन वितरण से संबंधित शिकायत का भी मौके पर निराकरण कराया गया।
धनेली में बालिका शौचालय का लोकार्पण
ग्राम धनेली के स्कूल परिसर में नवनिर्मित बालिका शौचालय का लोकार्पण किया गया। साथ ही स्कूल के मंच पर शेड निर्माण कराने की घोषणा की गई।
इस दौरान ग्रामीणों ने जलभराव और नाली की समस्या से विधायक को अवगत कराया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जल्द समाधान करने के निर्देश दिए।
मितानिन बहनों का शाल-श्रीफल से सम्मान
मितानिन दिवस के अवसर पर ग्राम निमोरा में स्वास्थ्य सेवाओं में योगदान देने वाली मितानिन बहनों का सम्मान किया गया। इनमें कन्हेरा की मितानिन पल्मा लहरे और निर्मला डहरे भी शामिल रहीं।
विधायक ने उन्हें शाल, श्रीफल और सम्मान पत्र भेंट किए। उन्होंने कहा कि मितानिन बहनें ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। गर्भवती महिलाओं, नवजात शिशुओं और ग्रामीणों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में उनकी भूमिका सराहनीय है।
घर-घर पहुंचकर सुनी ग्रामीणों की समस्याएं
सेवा संवाद यात्रा के दौरान विधायक ने औपचारिक बैठकों के बजाय ग्रामीणों के घर पहुंचकर उनसे मुलाकात की। चारों गांवों में जनचौपाल लगाकर बिजली, राशन, नाली और अन्य बुनियादी समस्याओं की जानकारी ली गई।
मौके पर मौजूद अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित निराकरण और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। विधायक ने ग्रामीणों को केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी।
सिलतरा में रात्रि विश्राम, संगठन की मजबूती पर चर्चा
सेवा संवाद यात्रा के चौथे दिन का समापन ग्राम सिलतरा में हुआ। यहां विधायक ने ग्रामीणों के साथ भोजन किया और गांव में ही रात्रि विश्राम किया।
इस दौरान शक्तिकेंद्र प्रभारियों और बूथ अध्यक्षों के साथ बैठक कर संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा की गई। उन्होंने बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने और जनता से निरंतर संपर्क बनाए रखने पर जोर दिया।
विधायक अनुज शर्मा की इस यात्रा में विकास कार्यों की घोषणाओं के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, बुनियादी सुविधाओं और ग्रामीण समस्याओं के समाधान पर विशेष जोर देखने को मिला।