मंदिर प्रबंधन के अधिकारियों को नोटिस, सुरक्षाकर्मी पर गिरेगी गाज
Join Our Whatsapp Group
कलेक्टर एवं मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष शिवम वर्मा ने बताया कि गर्भगृह में प्रवेश के लिए निर्धारित नियमों का उल्लंघन सामने आया है। इस मामले में मंदिर प्रबंधक घनश्याम शुक्ला और सहायक प्रबंधक गौरीशंकर मिश्रा को नोटिस जारी किया गया है।
इसके अलावा घटना के समय ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मी को बर्खास्त करने की कार्रवाई की जाएगी। गर्भगृह की पूजा व्यवस्था देखने वाले भट्ट परिवार के दोनों पुजारियों को भी तलब कर उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया है। रुद्राक्ष शुक्ला के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
वायरल वीडियो से शुरू हुआ विवाद
दरअसल, सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो में दावा किया गया कि बुधवार रात रुद्राक्ष शुक्ला खजराना गणेश मंदिर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने गर्भगृह में प्रवेश किया और भगवान गणेश की प्रतिमा के साथ पुजारी के साथ रील भी बनाई।
गौरतलब है कि मंदिर के गर्भगृह में आम दर्शनार्थियों का प्रवेश प्रतिबंधित है। ऐसे में नियमों के उल्लंघन को लेकर विवाद खड़ा हो गया।
विधायक ने बताया पुराना वीडियो
मामले में विधायक गोलू शुक्ला ने वीडियो को पुराना बताते हुए अपनी छवि खराब करने की कोशिश किए जाने की बात कही है। वहीं, मंदिर के पुजारियों ने रुद्राक्ष के मंदिर आने की पुष्टि की है। उनका कहना है कि वह हर बुधवार मंदिर आते हैं और कई बार गर्भगृह में भी जाते रहे हैं।
महाकाल मंदिर में भी सामने आया था ऐसा मामला
उल्लेखनीय है कि इससे पहले रुद्राक्ष शुक्ला उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश और फोटो खिंचवाने को लेकर भी चर्चा में आए थे। उस मामले में महाकाल मंदिर समिति के कर्मचारियों और सुरक्षाकर्मियों पर कार्रवाई की गई थी।
अब खजराना गणेश मंदिर में सामने आए इस मामले के बाद जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मंदिर के निर्धारित नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।