बलौदाबाजार, 24 जुलाई। जिला पंचायत बलौदाबाजार में स्वास्थ्य विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग से संबंधित स्थायी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में महिलाओं, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों ने उनके क्रियान्वयन की जानकारी दी।
जिला कार्यक्रम अधिकारी अतुल परिहार ने बताया कि बैठक में पूरक पोषण आहार, महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान, महिला हेल्पलाइन 181, सखी वन स्टॉप सेंटर, बाल विवाह रोकथाम तथा विभागीय भवन निर्माण से जुड़े कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने बताया कि सिमगा में नए सखी वन स्टॉप सेंटर की स्वीकृति मिल चुकी है। साथ ही मिशन शक्ति के तहत महिलाओं की सुरक्षा, संरक्षण और सशक्तिकरण से संबंधित 'संबल' और 'सामर्थ्य' योजनाओं की भी जानकारी दी गई।
Join Our Whatsapp Group
बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश अवस्थी ने बताया कि 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए संचालित वय वंदन योजना के तहत प्रति व्यक्ति 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज उपलब्ध कराया जाता है। इस योजना के कार्ड सभी स्वास्थ्य केंद्रों में बनाए जा रहे हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि 14 से 15 वर्ष की बालिकाओं को गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर से बचाने के लिए एचपीवी (HPV) टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत विकासखंडवार विद्यालयों में टीकाकरण कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।
बैठक में स्थायी समिति की सभापति दीप्ति गोविंद वर्मा, सदस्य शशि आनंद बंजारे, ईशान वैष्णव, जिला बाल संरक्षण अधिकारी प्रकाश दास तथा जिला मिशन समन्वयक प्रीति नवरत्न सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।