बलौदाबाजार। जिले के भाटापारा विकासखंड अंतर्गत ग्राम धुर्राबांधा में शनिवार को जर्जर स्कूल भवन और बदहाल सड़क की समस्या को लेकर ग्रामीणों और स्कूली छात्रों ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। प्रशासन की ओर से आश्वासन मिलने के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।

ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के पास स्थित रियल इस्पात संयंत्र के भारी वाहनों की लगातार आवाजाही से सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। साथ ही सड़क निर्माण का कार्य भी अधूरा पड़ा है। ग्रामीणों के अनुसार, एक ओर निजी भूमि और दूसरी ओर शासकीय भूमि पर बने मकानों के कारण सड़क का निर्माण पूरा नहीं हो सका है, जिससे लोगों और स्कूली बच्चों को रोजाना आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

Join Our Whatsapp Group
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि गांव का शासकीय स्कूल भवन काफी जर्जर हो चुका है। भवन की खराब स्थिति के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।

प्रदर्शन की सूचना मिलते ही तहसीलदार यशवंत कुमार, पुलिस प्रशासन, लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारी तथा रियल इस्पात संयंत्र के प्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं।

प्रशासन ने ग्रामीणों को जल्द नए स्कूल भवन के निर्माण की प्रक्रिया शुरू कराने तथा रियल इस्पात संयंत्र की ओर से सड़क की तत्काल मरम्मत और निर्माण कार्य कराने का आश्वासन दिया। आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया। वहीं प्रशासन के निर्देश पर रियल इस्पात संयंत्र ने सड़क मरम्मत का कार्य भी तत्काल शुरू कर दिया।
Published By- | 01-Aug-2026 05:17:00 pm