रायपुर। राजधानी रायपुर के शंकर नगर और खम्हारडीह थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है। ताजा मामले में शंकर नगर मेन रोड स्थित वनोरा रेस्टोरेंट को चोरों ने निशाना बनाते हुए एयर कंडीशनर (एसी) की महंगी कॉपर पाइप और वायरिंग चोरी कर ली। घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारियों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, कमर्शियल कॉम्प्लेक्स की छत पर विभिन्न प्रतिष्ठानों के एसी के आउटडोर यूनिट लगे हुए हैं, जिन्हें चोर लगातार निशाना बना रहे हैं। व्यापारियों का कहना है कि इससे पहले भी कई बार इसी परिसर से एसी के कॉपर पाइप और अन्य महंगे पार्ट्स चोरी हो चुके हैं, लेकिन अब तक आरोपियों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी है।

Join Our Whatsapp Group
व्यापारियों के मुताबिक, लगातार हो रही चोरियों के कारण उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उनका आरोप है कि पूर्व में भी पुलिस को लिखित शिकायत देकर सुरक्षा बढ़ाने और कार्रवाई की मांग की गई थी, लेकिन पर्याप्त कदम नहीं उठाए जाने से चोरों के हौसले बुलंद हैं।

मोती महल रेस्टोरेंट भी बन चुका है निशाना

इससे पहले 17 जून 2024 की रात शंकर नगर स्थित आकाश टावर की छत पर लगे मोती महल रेस्टोरेंट के एयर कंडीशनर का करीब 30 फीट लंबा कॉपर पाइप भी चोरी हो चुका है। इस मामले की लिखित शिकायत खम्हारडीह थाने में दर्ज कराई गई थी। पीड़ितों का कहना है कि अप्रैल महीने और उसके बाद भी इसी तरह की कई वारदातें सामने आईं। वहीं, पास स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम से भी एसी का कॉपर पाइप चोरी होने की घटना दर्ज की गई थी।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बाद व्यापारियों और स्थानीय लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ गई है। उनका कहना है कि शंकर नगर जैसे व्यस्त और पॉश इलाके में इस तरह की वारदातें पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं। व्यापारियों ने मांग की है कि मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जाए, रात्रि गश्त बढ़ाई जाए और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए।

व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, तो वे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ा आंदोलन करने पर मजबूर होंगे।
Published By- | 01-Aug-2026 06:01:00 pm