ऑपरेशन के लिए रुपये मांगने का आरोप
पूर्व विधायक ने आरोप लगाया कि ऑर्थो विभाग में इलाज कराने पहुंचे एक मरीज से ऑपरेशन के बदले रुपये की मांग की गई। आरोप है कि पैसे नहीं देने पर ऑपरेशन नहीं करने की बात कही गई। इसके अलावा मरीजों को बाहर से दवाइयां खरीदने के लिए पर्चे लिखे जाने की शिकायत भी सामने आई।
बच्चों के वार्ड को लेकर भी तीमारदारों ने समस्याएं बताईं। आरोप है कि बच्चों का समुचित इलाज नहीं किया जा रहा और कई मामलों में उन्हें बीएचयू रेफर करने की बात कही जा रही है।
मरीज से की बातचीत, निजी अस्पताल भेजने की बात
शिकायतों के बाद मनोज सिंह डब्लू ने अस्पताल पहुंचकर मरीजों और उनके परिजनों से पूरे मामले की जानकारी ली। अस्पताल की व्यवस्थाओं पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने एक मरीज को अपने निजी खर्च पर इलाज के लिए निजी अस्पताल भेजने की बात कही।
उन्होंने कहा कि सरकारी मेडिकल कॉलेज में गरीब और जरूरतमंद लोग इलाज की उम्मीद लेकर पहुंचते हैं। यदि इलाज या ऑपरेशन के नाम पर उनसे पैसे मांगे जाते हैं तो यह गंभीर मामला है। उन्होंने आरोपों की जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
सुधार नहीं हुआ तो धरने की चेतावनी
पूर्व विधायक ने चेतावनी दी कि यदि मरीजों की समस्याओं और मेडिकल कॉलेज की व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हुआ तो अगले सोमवार से मेडिकल कॉलेज परिसर में धरना दिया जाएगा।
वहीं, तीमारदार जोशी यादव ने भी इलाज के दौरान सामने आई परेशानियों और अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर अपनी शिकायत पूर्व विधायक के सामने रखी।
मेडिकल कॉलेज प्रशासन का पक्ष आना बाकी
फिलहाल मरीजों से रुपये मांगने, बाहर की दवाइयां लिखने और इलाज में लापरवाही के लगाए गए आरोपों पर मेडिकल कॉलेज प्रशासन और संबंधित डॉक्टरों का पक्ष सामने नहीं आया है। प्रशासनिक जांच के बाद ही इन आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।