कंपनी के मुताबिक, यह फैसला कर्मचारियों के प्रदर्शन में कमी के कारण नहीं लिया गया है। कस्टमर डिलाइट मॉडल और भविष्य की जरूरतों की समीक्षा के बाद ऑपरेशन को एक जगह से संचालित करने का निर्णय लिया गया है।
हैदराबाद का कस्टमर सपोर्ट ऑपरेशन होगा बंद
कंपनी ने हैदराबाद में चल रहे अपने कस्टमर सपोर्ट ऑपरेशन को बंद करने का फैसला किया है। अब कंपनी के इन-हाउस कस्टमर सपोर्ट से जुड़े काम को गुरुग्राम की टीम संभालेगी।
सूत्रों के अनुसार, पिछले कुछ महीनों में कंपनी के कस्टमर सपोर्ट मॉडल में काफी बदलाव आया है। सपोर्ट से जुड़े कई काम अब बाहरी विशेषज्ञ कंपनियों के माध्यम से किए जा रहे हैं। ऐसे में कंपनी अपने बचे हुए इन-हाउस ऑपरेशन को एक ही टीम के तहत संचालित करना चाहती है।
कंपनी का मानना है कि गुरुग्राम में टीम को प्रोडक्ट, टेक्नोलॉजी, डेटा और बिजनेस टीमों के करीब रखने से काम को बेहतर तरीके से संचालित किया जा सकेगा।
कर्मचारियों को मिलेगा 4 महीने की सैलरी के बराबर पैकेज
छंटनी से प्रभावित करीब 240 कर्मचारियों को कंपनी की ओर से चार महीने की सैलरी के बराबर सेवरेंस पैकेज दिया जाएगा। इसमें नोटिस पीरियड की सैलरी और एकमुश्त अतिरिक्त राशि शामिल होगी।
इसके अलावा कर्मचारियों के लिए मेडिकल इंश्योरेंस और काउंसलिंग की सुविधा 31 मार्च 2027 तक जारी रखने की बात कही गई है।
नौकरी तलाशने में भी मिलेगी मदद
कंपनी प्रभावित कर्मचारियों को नई नौकरी तलाशने में मदद के लिए आउटप्लेसमेंट सपोर्ट भी देगी। इसके साथ ही कंपनी की ओर से उपलब्ध कराए गए लैपटॉप और ईयरफोन कर्मचारियों को निजी इस्तेमाल के लिए दिए जाने की जानकारी सामने आई है।
Zomato की ओर से यह बदलाव ऐसे समय में किया गया है, जब कंपनी अपने ऑपरेशनल मॉडल और लागत को अधिक प्रभावी बनाने पर काम कर रही है। हैदराबाद ऑपरेशन बंद होने के बाद कस्टमर सपोर्ट से जुड़े इन-हाउस काम को गुरुग्राम से संचालित किया जाएगा।