CM साय ने सरगुजा कलेक्टर से की बात
मुख्यमंत्री साय ने वायरल वीडियो को देखने के बाद सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत से फोन पर बातचीत की और खरसिया चौक की सड़क की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कलेक्टर को तत्काल मौके का निरीक्षण कर जरूरी सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए।
गड्ढे भरने और जल निकासी सुधारने के निर्देश
CM साय ने सड़क के बड़े गड्ढों को भरने, सड़क का समतलीकरण करने और जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा है। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि जहां यातायात का दबाव अधिक है, वहां पुलिस और ट्रैफिक विभाग के साथ समन्वय कर सुरक्षित एवं सुचारु आवागमन सुनिश्चित किया जाए।
सभी कलेक्टरों को सड़कों की निगरानी के निर्देश
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी जिला कलेक्टरों को निर्माणाधीन और क्षतिग्रस्त सड़कों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। जरूरत पड़ने पर अधिकारियों को खुद मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लेने और संबंधित विभाग व निर्माण एजेंसियों के साथ समन्वय कर सड़क को आवागमन योग्य बनाए रखने को कहा गया है।
बारिश में सड़क सुरक्षा पर विशेष ध्यान
CM साय ने कहा कि बारिश के दौरान सड़क क्षति, जलभराव, निर्माण कार्य या पुल-पुलिया के आसपास कटाव के कारण यातायात प्रभावित होने की स्थिति में तत्काल सुरक्षा उपाय किए जाएं। जरूरत के अनुसार चेतावनी संकेतक, बैरिकेडिंग और वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
नागरिकों को परेशानी न हो, CM ने दिए स्पष्ट निर्देश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि मानसून के दौरान खराब सड़कों के कारण लोगों को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। स्थायी निर्माण कार्य में मौसम के कारण देरी होने की स्थिति में भी गड्ढे भरने, समतलीकरण और जल निकासी जैसे अंतरिम सुधार कार्य प्राथमिकता से कराए जाएं, ताकि सड़क को सुरक्षित और चलने योग्य रखा जा सके।