धमाके से इलाके में मची अफरा-तफरी
जानकारी के अनुसार, हादसा जोकट्टे क्षेत्र के पास स्थित MRPL रिफाइनरी परिसर में हुआ। शुरुआती जानकारी में बताया जा रहा है कि विस्फोट रिफाइनरी के तीसरे प्लांट के आसपास हुआ। धमाके के बाद प्लांट से धुएं का गुबार उठने लगा और आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी मच गई।
जोकट्टे, बाजपे, कलवारू, बैकमपाडी, सुरथकल और कटीपल्ला समेत कई इलाकों में लोगों ने तेज कंपन महसूस होने की बात कही। कुछ स्थानीय लोगों ने इसे भूकंप जैसे झटकों के तौर पर महसूस किया।
कई घरों की खिड़कियों के शीशे टूटे
विस्फोट के दबाव का असर आसपास के रिहायशी क्षेत्रों में भी देखने को मिला। जोकट्टे ग्राम पंचायत भवन और आसपास के कुछ मकानों के दरवाजों और खिड़कियों के शीशे टूट गए। कुछ इमारतों में दरारें आने की भी सूचना है।
धमाके की तेज आवाज और कंपन के बाद कई लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए और सुरक्षित स्थानों की ओर चले गए।
दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीमें सक्रिय हो गईं। आग पर काबू पाने के लिए मंगलुरु और पांडेश्वर से दमकल की कई गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। SDRF की टीमें और एम्बुलेंस भी तैनात की गईं।
मंगलुरु के पुलिस कमिश्नर सुधीर कुमार रेड्डी भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
MRPL प्रबंधन के आधिकारिक बयान का इंतजार
घटना के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग रिफाइनरी और जोकट्टे पंचायत भवन के आसपास जमा हो गए। स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए।
हादसे के कई घंटे बाद भी रिफाइनरी प्रबंधन की ओर से विस्फोट के कारण, नुकसान और संभावित हताहतों को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई थी। प्रशासन की ओर से राहत और सुरक्षा व्यवस्था पर निगरानी रखी जा रही है।