काफी देर तक चली सांप की तलाश
जानकारी के मुताबिक, एसपी कार्यालय के केबिन में कॉमन वुल्फ स्नेक (Common Wolf Snake) दिखाई दिया था। सूचना मिलते ही आरसीआरएस की रेस्क्यू टीम सक्रिय हुई। टीम के अध्यक्ष अविनाश यादव अपने सहयोगियों मानस और अतुल के साथ मौके पर पहुंचे।
रेस्क्यू टीम ने पूरी सावधानी बरतते हुए केबिन में सांप की तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद टीम के सदस्य बॉबी श्रीवास ने सांप को सुरक्षित पकड़ लिया। इसके बाद कार्यालय में मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।
सुरक्षित रेस्क्यू कर प्राकृतिक आवास में छोड़ा
सांप को पकड़ने के बाद उसे सुरक्षित तरीके से कार्यालय परिसर से बाहर निकाला गया। रेस्क्यू टीम ने लोगों को सांप से दूरी बनाए रखने और उसे किसी तरह का नुकसान नहीं पहुंचाने की समझाइश दी। बाद में सांप को उसके प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ दिया गया।
सांप दिखने पर खुद पकड़ने की न करें कोशिश
इस घटना के बाद रेस्क्यू टीम ने लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। टीम का कहना है कि घर, दफ्तर या किसी अन्य स्थान पर सांप दिखाई देने पर उसे मारने या खुद पकड़ने की कोशिश बिल्कुल न करें।
ऐसी स्थिति में तत्काल वन विभाग या प्रशिक्षित सर्प रेस्क्यू टीम को सूचना दें। इससे किसी अप्रिय घटना से बचा जा सकता है और सांप की जान भी सुरक्षित रहती है।
रेस्क्यू टीम ने लोगों से सांपों के प्रति जागरूकता और संरक्षण की अपील करते हुए कहा कि वन्यजीवों की सुरक्षा पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने के लिए बेहद जरूरी है।