जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में घर का ताला तोड़कर सोने के जेवर चोरी करने वाले आरोपी को बागबहार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए करीब 70 हजार रुपये कीमत के सोने के एक जोड़ी कर्णफूल भी बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शंकर भगत (34 वर्ष), निवासी ग्राम डूमरबहार के रूप में हुई है।

घर लौटने पर टूटा मिला दरवाजे का ताला

Join Our Whatsapp Group
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम डूमरबहार निवासी ललित यादव (20 वर्ष), पिता रविशंकर यादव ने थाना बागबहार में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 3 नवंबर 2026 की रात करीब 9 बजे उसके माता-पिता खाना खाने के बाद दुकान में सोने चले गए थे।

रात लगभग 10:30 बजे जब ललित होटल से अपने घर पहुंचा, तो दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। घर के अंदर जाकर देखा तो अलमारी खुली थी और सामान बिखरा पड़ा था।

अलमारी से गायब मिले 70 हजार के जेवर

घटना की जानकारी ललित ने अपने माता-पिता को दी। इसके बाद परिवार के सदस्यों ने घर की तलाशी ली, जिसमें अलमारी में रखे सोने के एक जोड़ी कर्णफूल गायब मिले। इनकी अनुमानित कीमत करीब 70 हजार रुपये बताई गई है।

ललित ने घर के आसपास शंकर भगत को संदिग्ध हालत में घूमते देखने की बात पुलिस को बताई और उस पर चोरी का संदेह जताया। शिकायत के आधार पर बागबहार थाने में अपराध क्रमांक 109/26 के तहत बीएनएस की धारा 331(3) और 305 में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पूछताछ में आरोपी ने कबूली चोरी

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर बागबहार पुलिस ने गांव में संदिग्ध की तलाश शुरू की। संदेह के आधार पर शंकर भगत को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने घर का ताला तोड़कर अंदर घुसने और अलमारी में रखे सोने के कर्णफूल चोरी करने की बात स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए जेवर बरामद कर जब्त कर लिए गए।

आरोपी को भेजा गया न्यायिक रिमांड पर

पुलिस ने आरोपी शंकर भगत (34 वर्ष), निवासी ग्राम डूमरबहार को पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी बागबहार उप निरीक्षक सुनील सिंह, प्रधान आरक्षक वीरेंद्र सनमानी, आरक्षक पवन पैंकरा, आरक्षक सुरेश कुमार नाग और सैनिक राकेश भगत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई से चोरी की वारदात का कुछ ही घंटों में खुलासा हो गया और चोरी गए सोने के जेवर भी बरामद कर लिए गए।
Published By- | 07-Nov-2026 09:35:00 am