त्योहार पर पीड़ित परिवारों को मिला आर्थिक संबल
हाल ही में क्षेत्र में आई भीषण बाढ़ ने कई परिवारों को आर्थिक रूप से प्रभावित किया था। बाढ़ के पानी से घरों और अन्य संपत्तियों को नुकसान पहुंचा था। ऐसे में प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और उनकी आर्थिक स्थिति को संभालने के उद्देश्य से शासन की ओर से राहत राशि स्वीकृत की गई है।
विधायक अनुज शर्मा ने कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों को चेक सौंपते हुए कहा कि त्योहार केवल खुशियां मनाने का अवसर नहीं हैं, बल्कि जरूरतमंदों और संकट में फंसे लोगों के साथ खड़े होने का भी समय है।
'मुश्किल समय में सरकार और आपका सेवक आपके साथ'
प्रभावित परिवारों को संबोधित करते हुए विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि बाढ़ के कारण धरसींवा के कई परिवारों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। किसी का घर प्रभावित हुआ तो किसी को अपनी जमा-पूंजी और जरूरी सामान गंवाना पड़ा।
उन्होंने कहा कि आपदा के इस कठिन दौर में प्रभावित लोगों को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। सरकार उनके साथ मजबूती से खड़ी है और हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने राहत राशि को महज आर्थिक मदद नहीं, बल्कि प्रभावित परिवारों को दोबारा अपने पैरों पर खड़ा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।
सर्वे के बाद 106 परिवारों को मिली सहायता
बाढ़ के बाद विधायक के निर्देश पर प्रशासनिक टीमों ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर नुकसान का सर्वेक्षण किया था। अधिकारियों के माध्यम से पात्र परिवारों की पहचान कर नुकसान का आकलन किया गया। इसके बाद शासन स्तर पर प्रक्रिया पूरी कर 106 परिवारों के लिए राहत राशि मंजूर की गई।
धनतेरस के दिन आयोजित कार्यक्रम में चेक प्राप्त करने वाले परिवारों ने इस पहल के लिए विधायक अनुज शर्मा और राज्य सरकार का धन्यवाद किया। त्योहार के मौके पर मिली आर्थिक सहायता से प्रभावित परिवारों में खुशी देखने को मिली।
सड़क और जल निकासी व्यवस्था सुधारने पर भी जोर
राहत राशि वितरण के दौरान विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि बाढ़ प्रभावितों को आर्थिक मदद देने के साथ-साथ क्षेत्र में क्षतिग्रस्त बुनियादी सुविधाओं को बहाल करना भी प्राथमिकता है। इसके तहत खराब हुई सड़कों और जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता से पूरा किया जाए। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि शासन की योजनाओं और राहत सहायता का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचे।
विधायक ने भरोसा दिलाया कि धरसींवा के बाढ़ प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और क्षेत्र के विकास के लिए आगे भी हरसंभव सहयोग जारी रहेगा।