हेल्थ मेला शिविर में 48 लोगों की गैर-संचारी रोग (NCD) स्क्रीनिंग की गई। वहीं, परिवार नियोजन के 10 हितग्राहियों को काउंसलिंग प्रदान की गई। इसके अलावा फाइलेरिया यानी हाथीपांव से पीड़ित एक मरीज का फॉलोअप भी किया गया।
नशे की लत छुड़ाने के लिए मुफ्त इलाज और काउंसलिंग
कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के दिशा-निर्देशन तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत और जिला कार्यक्रम प्रबंधक रंजना पैंकरा के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने विशेष नशा मुक्ति केंद्र के बारे में लोगों को जागरूक किया।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, इस केंद्र का उद्देश्य युवाओं और आम नागरिकों को शराब, तंबाकू, सिगरेट तथा अन्य मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान के प्रति जागरूक करना है। साथ ही नशे की लत से प्रभावित लोगों को इससे बाहर निकालने के लिए मुफ्त परामर्श, उपचार और भर्ती की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
10 बिस्तरों वाले केंद्र में 24 घंटे उपलब्ध रहेगी सुविधा
लोईंग स्थित नशा मुक्ति केंद्र में 10 बिस्तरों की व्यवस्था की गई है। यहां मरीजों को 24 घंटे निःशुल्क उपचार मिलता है। मरीजों की देखभाल के लिए चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ और काउंसलर तैनात हैं।
केंद्र में नशे की लत से प्रभावित लोगों के उपचार और पुनर्वास के लिए कई सुविधाएं उपलब्ध हैं।
मेडिकल डिटॉक्सिफिकेशन: चिकित्सकीय निगरानी में नशे की निर्भरता से बाहर निकालने की प्रक्रिया।
विशेषज्ञ उपचार: मरीजों को नियमित चिकित्सकीय देखभाल।
काउंसलिंग: नशे की आदत छोड़ने के लिए नियमित परामर्श।
मानसिक स्वास्थ्य सेवाएं: मानसिक समस्याओं के लिए विशेषज्ञ मार्गदर्शन।
योग और ध्यान: मानसिक संतुलन और बेहतर स्वास्थ्य के लिए योग, ध्यान एवं व्यायाम।
पौष्टिक आहार: मरीजों को संतुलित भोजन और स्वच्छ वातावरण।
परिजनों को भी दी जाती है काउंसलिंग
नशा मुक्ति केंद्र में केवल मरीजों ही नहीं, बल्कि उनके परिजनों को भी गोपनीयता के साथ विशेषज्ञ परामर्श दिया जाता है। इसका उद्देश्य परिवार के सदस्यों को नशे की समस्या समझाना और मरीज के उपचार एवं पुनर्वास में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है।
उपचार पूरा होने के बाद घर लौटने वाले मरीजों का नियमित फॉलोअप भी किया जाता है, ताकि वे दोबारा नशे की गिरफ्त में न आएं और सामान्य जीवन की ओर लौट सकें।
नशामुक्त समाज के लिए जनभागीदारी जरूरी
स्वास्थ्य विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशे की लत को केवल व्यक्तिगत समस्या न समझें। इसका असर व्यक्ति के साथ उसके परिवार और पूरे समाज पर पड़ता है। विशेष रूप से युवाओं को नशे से दूर रखना और उन्हें स्वस्थ जीवन के लिए प्रेरित करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
विभाग ने लोगों से आग्रह किया है कि नशे की लत से प्रभावित व्यक्तियों को लोईंग स्थित नशा मुक्ति केंद्र तक पहुंचाने में सहयोग करें, ताकि वे निःशुल्क उपचार, परामर्श और पुनर्वास सुविधाओं का लाभ उठा सकें।
निरीक्षण के दौरान ये अधिकारी रहे मौजूद
हेल्थ मेला शिविर और स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण के दौरान जिला नोडल अधिकारी एनसीडी डॉ. जावेद मरीकर, डीएलओ डॉ. अविनाश चन्द्रा, जिला मीडिया अधिकारी उमा महंत और डीपीएचएन एनसीडी सलाहकार सीमा बरेठ उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य विभाग की इस पहल का उद्देश्य नशे की समस्या से जूझ रहे लोगों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के साथ उन्हें स्वस्थ और सम्मानजनक जीवन की मुख्यधारा से जोड़ना है।