सेना की चौकी पर जा रहे थे दोनों जवान
जानकारी के अनुसार, दोनों SPO कियार दच्छन से अपर रिज देहरना के इंदरवन इलाके में बसनान स्थित सेना की 17 राष्ट्रीय राइफल्स की टीम को रिलीव करने के लिए रवाना हुए थे। उन्हें निर्धारित स्थान पर पहुंचना था, लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी दोनों वहां नहीं पहुंचे।
जब जवानों से संपर्क करने की कोशिश की गई तो शुरुआत में उनके मोबाइल फोन पर बात हो रही थी, लेकिन कुछ समय बाद दोनों के नंबर बंद हो गए। इसके बाद पुलिस और सेना ने उनकी तलाश के लिए संयुक्त अभियान शुरू किया।
जंगल में फायरिंग की आवाज के बाद बढ़ी चिंता
बताया जा रहा है कि जवानों के रास्ते में देहरना के जंगल क्षेत्र में दोपहर करीब 3:30 बजे फायरिंग की आवाज सुनाई दी थी। इसी दौरान इलाके में मोबाइल नेटवर्क भी प्रभावित हुआ। दोनों जवानों से संपर्क टूटने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने मामले को गंभीरता से लिया।
दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र और घने जंगलों में पुलिस तथा राष्ट्रीय राइफल्स की कई टीमों ने तलाशी अभियान चलाया। इसी दौरान गुरुवार को दोनों जवानों के शव बरामद हुए।
गोली लगने से मौत की आशंका, जांच में जुटीं एजेंसियां
दोनों जवानों के शरीर पर गोलियों के निशान मिलने के बाद उनकी हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, वारदात को किसने अंजाम दिया और इसके पीछे क्या वजह रही, इस संबंध में विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है।
सुरक्षा एजेंसियां घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही हैं। किश्तवाड़ का मारवाह क्षेत्र पहाड़ी और घने जंगलों से घिरा हुआ है। यह इलाका पहले भी आतंकवाद विरोधी अभियानों के कारण सुरक्षा के लिहाज से संवेदनशील रहा है।
कुलगाम में CRPF जवानों पर भी हुई थी फायरिंग
गौरतलब है कि इससे पहले जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में CRPF कैंप के पास नाके पर तैनात सुरक्षाकर्मियों को बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने निशाना बनाया था। इस गोलीबारी में तीन जवान घायल हुए थे। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया था।
लगातार सामने आ रही इन घटनाओं के बीच किश्तवाड़ में दो SPO के शव मिलने से सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है। फिलहाल इलाके में तलाशी अभियान जारी है और जांच के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।