देवाशीष स्कूल के पास हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, एंबुलेंस क्रमांक CG 04 NH 7746 में मरीज और उसके परिजन सवार थे। उपचार के बाद सभी को ओडिशा ले जाया जा रहा था। इसी दौरान बागबाहरा के देवाशीष स्कूल के पास एंबुलेंस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई।
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एंबुलेंस में बैठे लोगों को गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना में दो महिलाओं ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया
घटना की सूचना मिलते ही बागबाहरा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस से बाहर निकाला गया। सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागबाहरा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि एंबुलेंस में सवार सभी लोग ओडिशा के निवासी थे। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
महासमुंद में पहले भी ट्रक से टकराकर गई थी दो महिलाओं की जान
गौरतलब है कि महासमुंद जिले में ट्रक से टक्कर का यह पहला मामला नहीं है। पिछले महीने 23 तारीख को पटेवा थाना क्षेत्र के बावनकेरा चौक-झलप के पास नेशनल हाईवे-53 पर एक कार ट्रक के पीछे जा घुसी थी। हादसे में दो महिलाओं की मौके पर मौत हो गई थी, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे।
जानकारी के मुताबिक, कार सवार लोग राजनांदगांव से एक शादी समारोह में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान ओवरटेक करने के प्रयास में कार चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और कार ट्रक से टकरा गई।
दोनों हादसों ने एक बार फिर जिले के राष्ट्रीय राजमार्गों पर सड़क सुरक्षा और खड़े भारी वाहनों की स्थिति को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल ताजा दुर्घटना में पुलिस की जांच जारी है।