धमतरी। जिले के कुरुद क्षेत्र के ग्राम परखंदा में पारंपरिक मातर मड़ई के दौरान जमकर हंगामा हुआ। उत्सव के बीच कुछ युवकों पर शराब के नशे में युवतियों के साथ छेड़छाड़ और विरोध करने वालों से मारपीट करने का आरोप लगा है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया। स्थिति बिगड़ती देख मौके पर पहुंची पुलिस ने रात में होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम को बंद करा दिया।

छेड़छाड़ रोकने पर शुरू हुआ विवाद, युवक को पीटा

Join Our Whatsapp Group
ग्रामीणों और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मातर मड़ई के दौरान कुछ युवक नशे की हालत में आयोजन स्थल पर धक्का-मुक्की कर रहे थे। इसी दौरान युवतियों के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार और छेड़छाड़ की गई।

जब ग्रामीणों और आयोजन से जुड़े लोगों ने उन्हें ऐसा करने से रोका, तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि मोहन, रूपराम और योगेश्वर नाम के युवकों ने गाली-गलौज करते हुए झलहू राम निर्मलकर के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की। इस घटना में झलहू राम घायल हो गए।

अचानक हुए विवाद से मेला परिसर में अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए उत्सव का माहौल तनाव में बदल गया।

नशाखोरी को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी

घटना के बाद ग्रामीणों ने गांव में बढ़ती नशाखोरी पर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि शराब के नशे में होने वाले विवादों के कारण पारंपरिक सामाजिक आयोजनों की मर्यादा प्रभावित हो रही है।

ग्राम सरपंच माधुरी मोहित साहू ने भी घटना पर नाराजगी जाहिर की। उनके मुताबिक, युवतियों के साथ कथित छेड़छाड़ का विरोध करने पर विवाद और मारपीट की स्थिति बनी। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोग मामले को राजनीतिक रूप देने का प्रयास कर रहे हैं, जिससे गांव का आपसी सौहार्द प्रभावित हो सकता है।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति

हंगामे की सूचना मिलने पर कुरुद थाना प्रभारी कमलेश ठाकुर पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों को समझाइश देकर स्थिति नियंत्रित की। एहतियात के तौर पर रात्रिकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रम को बंद करा दिया गया।

थाना प्रभारी के अनुसार, मारपीट में घायल झलहू राम निर्मलकर का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया है। शिकायत के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ धारा 151 के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

घटना के बाद से तीनों आरोपी गांव में नहीं मिले हैं। पुलिस पेट्रोलिंग टीम उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

मातर मड़ई जैसे पारंपरिक आयोजन में इस तरह की घटना से ग्रामीणों में निराशा है। लोगों का कहना है कि त्योहार और सामाजिक कार्यक्रमों में शांति, सुरक्षा और महिलाओं की गरिमा बनाए रखने के लिए नशाखोरी और हुड़दंग पर सख्ती जरूरी है।
Published By- | 14-Nov-2026 04:23:00 pm