नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा और भौगोलिक चुनौतियों के बीच पूरे हुए इन निर्माण कार्यों से ग्रामीणों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिली है। लोक निर्माण विभाग और जिला प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से जिले के सुदूर इलाकों में विकास की नई संभावनाएं तैयार हो रही हैं।
210 गांवों के करीब 1.68 लाख लोगों को मिला फायदा
कांकेर के संवेदनशील कोयलीबेड़ा क्षेत्र में कोयलीबेड़ा-पखांजूर मार्ग पर वालेर नदी में 20 करोड़, मेढ़की नदी में 12 करोड़ और महला नदी पर 6.50 करोड़ रुपये की लागत से पुल बनाए गए हैं। इसके अलावा भैंसगांव-आतुरबेड़ा मार्ग पर मेढ़की नदी में 9.86 करोड़ रुपये खर्च कर उच्च स्तरीय पुल का निर्माण किया गया है।
इन पुलों के बनने से जिले के लगभग 210 गांवों की 1 लाख 68 हजार आबादी को विकासखंड, तहसील और जिला मुख्यालय तक पूरे साल पहुंचने की सुविधा मिली है। पहले नदी-नालों के कारण जिन इलाकों में आवागमन प्रभावित होता था, वहां अब संपर्क पहले से बेहतर हुआ है।
कुछ महीनों में 61 करोड़ के 9 पुलों का निर्माण पूरा
जिले में हाल के महीनों में भी पुल निर्माण के काम में तेजी देखने को मिली है। करीब 61 करोड़ रुपये की लागत से 9 उच्च स्तरीय पुल तैयार किए गए हैं। इनमें करेगांव-मंडगांव मार्ग पर 7.46 करोड़, बांसपत्तर-तिरियारपानी मार्ग पर 4.58 करोड़, टुरी नदी पर 4.50 करोड़ और कापसी (पीवी-130)-पखांजूर मार्ग के त्रास नाला पर 6.57 करोड़ रुपये की लागत से बने पुल शामिल हैं।
इन निर्माण कार्यों का लाभ लगभग 80 गांवों के 56 हजार लोगों को मिलेगा। बेहतर कनेक्टिविटी से विद्यार्थियों की उच्च शिक्षा, किसानों की उपज का परिवहन, व्यापार, स्वास्थ्य सेवाओं और सरकारी योजनाओं तक पहुंच आसान हुई है। पर्यटन और सामाजिक-सांस्कृतिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
महाराष्ट्र तक पहुंचना भी होगा आसान
कांकेर और नारायणपुर के दूरस्थ इलाकों में अंतरराज्यीय संपर्क मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण पुलों पर काम चल रहा है। मरबेड़ा-सितरम मार्ग पर कोटरी नदी में 19 करोड़, कोयलीबेड़ा-दुता मार्ग पर मेढ़की नदी में 10 करोड़ और ताड़ोकी-बैहासाल्हेभाट मार्ग पर मेढ़की नदी में 6 करोड़ रुपये की लागत से पुल बनाए जा रहे हैं।
इसके अलावा सोनपुर-नारायणपुर मार्ग पर बेचाघाट में कोटरी नदी पर 17 करोड़ रुपये की लागत से वृहद पुल का निर्माण जारी है। इन पुलों के तैयार होने के बाद दुर्गम क्षेत्रों के गांवों का संपर्क बेहतर होगा और महाराष्ट्र की ओर अंतरराज्यीय आवागमन भी सुगम हो सकेगा।
140 करोड़ के 19 पुलों का निर्माण जारी
ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्य जिला मार्गों, राज्य मार्गों और राष्ट्रीय राजमार्गों से जोड़ने के लिए राज्य शासन ने 140 करोड़ रुपये की लागत से 19 उच्च स्तरीय पुलों के निर्माण को मंजूरी दी है। इनका काम अलग-अलग स्थानों पर चल रहा है।
वहीं, भविष्य की कनेक्टिविटी को मजबूत बनाने के लिए 92 करोड़ रुपये की लागत से 10 अतिरिक्त पुलों को भी स्वीकृति मिली है। इनमें राजनांदगांव-बैलाडीला मार्ग पर निब्रा नदी में 6 करोड़, मरोड़ा-बेलगांव-छोटेबिटिया मार्ग पर बेलगांव नाला में 4 करोड़, भानुप्रतापपुर-पखांजूर मार्ग पर पासंगी नाला में 5.50 करोड़ और कोदाभाट-माटवाड़ा-मोदी मार्ग पर दूध नदी में 16 करोड़ रुपये के पुल प्रमुख हैं।
इसके अलावा सटेली-डांगरा मार्ग पर खंडी नदी में 12 करोड़ और हाटकर्रा-कोटगांव मार्ग पर चिनार नदी में 6 करोड़ रुपये की लागत से पुल बनाए जाने की योजना है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से कांकेर के ग्रामीण और दूरस्थ इलाकों में आवागमन की सुविधा और मजबूत होगी।