गर्म जलवायु में तेजी से बढ़ती है तिलापिया
तिलापिया मछली के उत्पादन के लिए विशेष तापमान और अनुकूल जलवायु की जरूरत होती है। छत्तीसगढ़ का गर्म वातावरण इसके पालन के लिए उपयुक्त माना जा रहा है। दूसरी ओर अमेरिका और अर्जेंटीना जैसे देशों में इसके प्रजनन के लिए जरूरी प्राकृतिक परिस्थितियां सीमित हैं। इसी वजह से वहां इस मछली की आपूर्ति के लिए दूसरे देशों पर निर्भरता रहती है। छत्तीसगढ़ से निर्यात होने वाली मछलियों को हवाई मार्ग के जरिए विदेशी बाजारों तक पहुंचाया जा रहा है।
4000 टन निर्यात का लक्ष्य
मत्स्य विभाग के एएसओ वाईपी सिंह के मुताबिक, विकसित भारत 2047 के लक्ष्य के तहत तिलापिया मछली के निर्यात को बढ़ाकर 4 हजार मीट्रिक टन तक पहुंचाने की योजना है। इसके लिए उत्पादन बढ़ाने और निर्यात की संभावनाओं को मजबूत करने पर काम किया जा रहा है। शासन भी प्रदेश में मत्स्य पालन को प्रोत्साहित कर रहा है, जिससे किसानों और मछली पालकों को नए बाजार मिल सकें।
कोरिया और वियतनाम की तकनीक से हो रहा उत्पादन
तिलापिया का तेजी से प्रजनन और विकास इसकी खासियत है, लेकिन अनियंत्रित प्रजनन से स्थानीय मछली प्रजातियों पर असर पड़ने की आशंका भी रहती है। इसे ध्यान में रखते हुए इसके पालन में कोरिया और वियतनाम जैसे देशों की आधुनिक तकनीक अपनाई जा रही है।
इसके तहत मोनोसेक्स तकनीक का इस्तेमाल किया जाता है, जिसमें मुख्य रूप से नर तिलापिया के उत्पादन पर ध्यान दिया जाता है। नर मछलियां मादा की तुलना में करीब 30 से 40 प्रतिशत तेजी से वजन बढ़ाती हैं। मादा मछलियां प्रजनन और अंडों की देखभाल में ऊर्जा खर्च करती हैं, जबकि नर मछलियों में ऊर्जा का अधिक हिस्सा शारीरिक विकास में लगता है।
कम कांटे और स्वाद के कारण विदेशों में पसंद
तिलापिया की लोकप्रियता की एक बड़ी वजह इसकी बनावट भी है। इसमें मुख्य रूप से एक बड़ा केंद्रीय कांटा होता है, जिससे इसे साफ करना और खाना अपेक्षाकृत आसान होता है। इसे फ्राई, ग्रिल और करी सहित कई तरीकों से तैयार किया जाता है। इसका वजन सामान्यतः करीब 500 ग्राम तक बताया जाता है।
विदेशी खानपान में पूरी मछली परोसने का चलन
भारत में आमतौर पर मछली को करी या अन्य पारंपरिक व्यंजनों के रूप में परोसा जाता है, जबकि कई विदेशी देशों में पूरी मछली को ग्रिल या फ्राई करके सर्व करने का चलन लोकप्रिय है। तिलापिया का आकार और कम कांटों वाली बनावट ऐसे व्यंजनों के लिए उपयुक्त मानी जाती है। इसी वजह से विदेशी बाजारों में इसकी मांग सालभर बनी रहती है।
छत्तीसगढ़ से हो रहा तिलापिया का निर्यात प्रदेश के मत्स्य पालन क्षेत्र के लिए नए अवसर खोल रहा है। आने वाले वर्षों में उत्पादन और निर्यात बढ़ने से स्थानीय मछली पालकों को भी अंतरराष्ट्रीय बाजार से जुड़ने का मौका मिल सकता है।