CR खराब करने की धमकी देकर पैसे मांगने का आरोप
शिकायत के अनुसार, विद्यालय के प्राचार्य गेंदलाल चतुर्वेदी और शिक्षक भारत लाल कश्यप के खिलाफ संविदा शिक्षकों ने आरोप लगाए हैं। शिक्षकों का दावा है कि प्राचार्य के नाम पर शिक्षक भारत लाल कश्यप उनसे 10 हजार रुपये की मांग कर रहे हैं।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि रकम नहीं देने पर उनकी गोपनीय चरित्रावली खराब करने और भविष्य में नौकरी से बाहर करवाने की धमकी दी जाती है। इस कथित दबाव के चलते शिक्षक खुद को असहज और असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
महिला कर्मचारियों से प्रताड़ना और मातृत्व अवकाश पर भी सवाल
शिकायत में महिला कर्मचारियों के साथ मानसिक प्रताड़ना किए जाने के आरोप भी लगाए गए हैं। इसके अलावा मातृत्व अवकाश देने के बदले पैसे मांगने जैसी गंभीर शिकायतें भी सामने आई हैं।
संविदा शिक्षकों का कहना है कि लगातार दबाव और धमकियों के कारण विद्यालय में भय का माहौल बना हुआ है। इसका असर शिक्षकों के कामकाज के साथ-साथ स्कूल के शैक्षणिक वातावरण पर भी पड़ रहा है।
निष्पक्ष जांच और नौकरी की सुरक्षा की मांग
शिक्षकों ने जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। साथ ही कथित अवैध वसूली और मानसिक प्रताड़ना के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करने तथा शिकायत करने वाले शिक्षकों की नौकरी सुरक्षित रखने की अपील की है।
कलेक्टर ने DEO को सौंपी जांच की जिम्मेदारी
मामले की शिकायत मिलने के बाद बेमेतरा कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाई ने इसे गंभीरता से लिया है। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को पूरे प्रकरण की जांच कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
अब शिक्षा विभाग की जांच रिपोर्ट के बाद ही शिकायत में लगाए गए आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल इस मामले को लेकर स्कूल और शिक्षा विभाग में चर्चा तेज है।