पांच लोगों से हुई थी शुरुआत, आज लाखों की आस्था का केंद्र
पंचकोसी यात्रा की नींव वर्ष 1975 में सनावद निवासी प्रोफेसर डॉ. रविंद्र भारती चौरे ने अपने चार मित्रों के साथ रखी थी। मां नर्मदा की धार्मिक और आध्यात्मिक महत्ता को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से शुरू की गई इस पहल में पहले वर्ष केवल पांच लोग शामिल हुए थे।
समय के साथ इस यात्रा से श्रद्धालु जुड़ते गए और देखते ही देखते यह नर्मदा क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक आयोजनों में शामिल हो गई। डॉ. चौरे ने नर्मदा तट के विभिन्न धार्मिक स्थलों का सर्वेक्षण कर पंचकोसी यात्रा के 26 मार्गों के निर्धारण में भी योगदान दिया था। वर्ष 2008 में उनके निधन के बाद भी उनके द्वारा शुरू की गई परंपरा लगातार जारी है।
पांच दिन तक भक्ति और साधना में लीन रहेंगे श्रद्धालु
नर्मदा अंचल पंचकोसी पदयात्रा केंद्रीय समिति के संयोजक राधेश्याम शर्मा के अनुसार, यह यात्रा गृहस्थ जीवन जीने वाले लोगों के लिए पांच दिनों की साधना के समान है। इस दौरान श्रद्धालु घर-परिवार की दिनचर्या और रोजमर्रा की व्यस्तताओं से दूर रहकर भजन, कीर्तन, पूजा-पाठ और आत्मचिंतन में समय बिताते हैं।
धार्मिक मान्यताओं में मानव शरीर के पांच कोष बताए गए हैं। इनमें अन्नमय, प्राणमय, मनोमय, विज्ञानमय और आनंदमय कोष शामिल हैं। पंचकोसी यात्रा को इन पांचों कोषों की शुद्धि और आध्यात्मिक विकास से जोड़कर देखा जाता है।
यात्रा में 80 प्रतिशत महिलाएं, बुजुर्ग भी दिखा रहे उत्साह
इस धार्मिक आयोजन की खास बात महिलाओं की बड़ी भागीदारी है। समिति के मुताबिक, यात्रा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं में करीब 80 प्रतिशत महिलाएं होती हैं। खास बात यह है कि इस पदयात्रा में छोटे बच्चों से लेकर 80 वर्ष तक के बुजुर्ग भी पूरे उत्साह के साथ शामिल होते हैं।
यात्रा शुरू होने से पहले ही 20 हजार से अधिक श्रद्धालु ओंकारेश्वर से रवाना हो चुके थे। वहीं मां नर्मदा की बड़ी परिक्रमा भी शुरू हो गई है। रास्तेभर भजन-कीर्तन और जयकारों के बीच श्रद्धालु विभिन्न धार्मिक स्थलों के दर्शन करेंगे।
पांच दिनों में 75 किलोमीटर का सफर, जानिए पूरा कार्यक्रम
इस बार पंचकोसी यात्रा का कार्यक्रम पांच दिनों में पूरा होगा। श्रद्धालुओं के लिए निर्धारित मार्ग और पड़ाव इस प्रकार हैं:
20 नवंबर: ओंकारेश्वर से मोरटक्का होते हुए शिवकोठी और अजंरुद स्थित मां बागेश्वरी मंदिर पहुंचेंगे। इसके बाद सनावद में रात्रि विश्राम होगा।
21 नवंबर: सनावद से बड़ूद होते हुए टोकसर की ओर प्रस्थान करेंगे। नर्मदा तट पर रात्रि विश्राम रहेगा।
22 नवंबर: नाव के जरिए मां नर्मदा को पार कर भगवान विमलेश्वर के दर्शन किए जाएंगे। इसके बाद बड़वाह कृषि उपज मंडी में विश्राम होगा।
23 नवंबर: बड़वाह से सिद्धवरकूट तक पदयात्रा की जाएगी। यहां रात्रि विश्राम होगा।
24 नवंबर: कार्तिक पूर्णिमा पर श्रद्धालु ओंकारेश्वर लौटेंगे। ओंकार पर्वत की परिक्रमा और भगवान ओंकारेश्वर-ममलेश्वर के दर्शन के साथ यात्रा पूरी होगी।
पांच दशक से कायम है नर्मदा भक्ति की परंपरा
पंचकोसी पदयात्रा का आयोजन पिछले 51 वर्षों से प्रशासन और नर्मदा भक्तों के सहयोग से किया जा रहा है। यात्रा के दौरान समिति के सदस्य श्रद्धालुओं के साथ रहकर मार्गदर्शन और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराते हैं।
पांच श्रद्धालुओं से शुरू हुई यह धार्मिक पहल आज एक बड़े जनआयोजन में बदल चुकी है। यह केवल पैदल यात्रा नहीं, बल्कि मां नर्मदा के प्रति अटूट आस्था, सामूहिक साधना और क्षेत्र की प्राचीन धार्मिक परंपराओं को जीवित रखने का माध्यम भी बन गई है।