रायपुर। छत्तीसगढ़ में कोयला, स्पंज आयरन और सड़क निर्माण कारोबार से जुड़े PRA और बार्बरिक समूह पर आयकर विभाग की कार्रवाई लगातार आगे बढ़ रही है। जांच के दौरान बुधवार को सात और लॉकर खोले गए, जिनसे लाखों रुपये मूल्य के सोने के आभूषण और हीरे मिलने की जानकारी सामने आई है। बरामद कीमती सामान का मूल्यांकन किया जा रहा है।


आयकर विभाग की जांच में अब तक करीब 200 से 225 करोड़ रुपये की संभावित कर चोरी के संकेत मिले हैं। इसके अलावा ढाई करोड़ रुपये से अधिक की नकदी भी जब्त किए जाने की जानकारी है। जांच का दायरा बढ़ने के साथ कर चोरी का आंकड़ा और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
Join Our Whatsapp Group

संदिग्ध बिलिंग और खर्चों की भी जांच
आयकर विभाग समूह से जुड़ी कंपनियों के वित्तीय लेनदेन, संदिग्ध बिलिंग, परियोजनाओं में बढ़ा-चढ़ाकर दर्शाए गए खर्च और बुनियादी ढांचा निर्माण से जुड़े अघोषित लेनदेन की पड़ताल कर रहा है। अधिकारियों की नजर समूह के निवेश और कारोबारी गतिविधियों पर भी है।


चार राज्यों के 50 ठिकानों पर हुई थी कार्रवाई
आयकर विभाग ने करीब साढ़े तीन महीने तक वित्तीय गतिविधियों की निगरानी के बाद 18 नवंबर को छापेमारी शुरू की थी। छत्तीसगढ़ के रायपुर, बिलासपुर, रायगढ़, अंबिकापुर, जांजगीर-चांपा और सूरजपुर समेत विभिन्न शहरों में 32 ठिकानों पर तलाशी ली गई थी।
इसके अलावा महाराष्ट्र, झारखंड और ओडिशा में करीब 18 ठिकानों पर भी दबिश दी गई थी। इस तरह चार राज्यों में कुल 50 ठिकानों पर आयकर विभाग ने जांच कार्रवाई की।

कई कंपनियां और निवेश भी जांच के दायरे में
जांच केवल PRA इंडिया प्राइवेट लिमिटेड तक सीमित नहीं है। समूह के निदेशकों के कारोबार और निवेश की भी पड़ताल की जा रही है। इसमें बार्बरिक इंडस्ट्रीज, श्री अंबिका पावर एंड शुगर, ऑर्गेनिक बेवरेजेज एंड फूड्स तथा हाईवे परियोजनाओं से जुड़े वित्तीय लेनदेन शामिल हैं।
समूह के निवेश की कड़ियां रायगढ़ के इस्पात और बिजली उद्योगों तक पहुंच रही हैं। आयकर विभाग ने जब्त डिजिटल उपकरणों, वित्तीय दस्तावेजों और कंप्यूटर डेटा की फोरेंसिक जांच भी शुरू कराई है।

डिजिटल साक्ष्यों से खुल सकते हैं कई राज
जांच एजेंसी को उम्मीद है कि डिजिटल डेटा और वित्तीय दस्तावेजों की पड़ताल से अघोषित निवेश, संदिग्ध लेनदेन और वास्तविक कर देनदारी से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आएंगी। फिलहाल लॉकरों से मिले सोने-हीरे का मूल्यांकन और कंपनियों के वित्तीय रिकॉर्ड की जांच जारी है।
Published By- | 26-Nov-2026 03:30:00 pm