लोकसभा में 543 की जगह हो सकती हैं 850 सीटें
Join Our Whatsapp Group
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, विशेष सत्र में परिसीमन से जुड़े विधेयक और महिला आरक्षण कानून को लागू करने के लिए नए संवैधानिक संशोधन विधेयक पेश किए जा सकते हैं।
प्रस्तावित बदलावों के तहत लोकसभा की मौजूदा 543 निर्वाचित सीटों की संख्या बढ़ाकर अधिकतम 850 किए जाने की संभावना है। इससे विभिन्न राज्यों के लोकसभा क्षेत्रों और सीटों की संख्या में भी बदलाव हो सकता है।
सरकार की कोशिश बताई जा रही है कि 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का रास्ता साफ किया जाए। हालांकि, प्रस्तावों का अंतिम स्वरूप संसद में पेश होने वाले विधेयकों से ही स्पष्ट होगा।
30 नवंबर से शुरू होगा विशेष सत्र
सरकार के कार्यक्रम के अनुसार, लोकसभा की कार्यवाही 30 नवंबर से शुरू होगी, जबकि राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर से होगी। दोनों सदनों की कार्यवाही 3 दिसंबर तक चलने की संभावना है।
इस छोटे लेकिन महत्वपूर्ण सत्र में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े मुद्दे संसद के केंद्र में रह सकते हैं। अप्रैल 2026 में लोकसभा में आवश्यक समर्थन नहीं मिलने के कारण अटके इन प्रस्तावों को लेकर सरकार एक बार फिर राजनीतिक सहमति बनाने की कोशिश कर सकती है।
जयराम रमेश का सरकार पर हमला, बोले- संविधान दिवस पर संविधान का अपमान
विशेष सत्र की घोषणा के बाद कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए उन्होंने कहा कि 14 अप्रैल 2026 को अंबेडकर जयंती के दिन सरकार ने परिसीमन विधेयकों को सार्वजनिक किया था, लेकिन 17 अप्रैल की रात लोकसभा में उन्हें अपेक्षित समर्थन नहीं मिल पाया।
जयराम रमेश ने आरोप लगाया कि सरकार संविधान दिवस के आसपास विशेष सत्र बुलाकर संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने की तैयारी कर रही है। उन्होंने सरकार की मंशा पर सवाल उठाते हुए इसे संविधान का अपमान बताया।
शशि थरूर और केसी वेणुगोपाल ने भी खोला मोर्चा
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने जयराम रमेश की पोस्ट को रिपोस्ट करते हुए कहा कि यह लड़ाई भारतीय लोकतंत्र, देश की एकता और संसद की गरिमा को बचाने की है।
वहीं, कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने परिसीमन प्रस्तावों को संघीय ढांचे और लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए नुकसानदायक बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार चुनावी व्यवस्था को प्रभावित करने की कोशिश कर रही है।
वेणुगोपाल ने साफ कहा कि कांग्रेस इन विधेयकों का विरोध करेगी और सरकार के कदमों का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देगी।
33 प्रतिशत नहीं, महिलाओं को मिले 50 प्रतिशत आरक्षण: कॉकरोच जनता पार्टी
महिला आरक्षण के मुद्दे पर कॉकरोच जनता पार्टी ने भी अपनी मांग सामने रखी है। पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा कि जब देश की आधी आबादी महिलाएं हैं, तो उन्हें संसद में भी बराबरी का प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए।
पार्टी ने महिलाओं के लिए प्रस्तावित 33 प्रतिशत आरक्षण को अपर्याप्त बताते हुए 50 प्रतिशत आरक्षण की मांग की है।
चार दिन का सत्र, कई बड़े सवालों के जवाब पर रहेगी नजर
संसद के इस विशेष सत्र में कई अहम सवालों के जवाब मिलने की उम्मीद है। क्या लोकसभा की सीटें 543 से बढ़ाकर 850 करने का प्रस्ताव आएगा? क्या महिला आरक्षण को 2029 के लोकसभा चुनाव से लागू करने का रास्ता साफ होगा? और क्या सरकार को संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने के लिए जरूरी समर्थन मिल पाएगा?
इन सभी सवालों के बीच 30 नवंबर से शुरू होने वाला संसद का विशेष सत्र सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच बड़े राजनीतिक टकराव का गवाह बन सकता है।