दोमुंहा सांप के नाम से है पहचान
रेड सैंड बोआ को आम बोलचाल में दोमुंहा सांप भी कहा जाता है। इसका वैज्ञानिक नाम Eryx johnii है। स्थानीय स्तर पर इसे बिल खोदू सांप के नाम से भी जाना जाता है।
Join Our Whatsapp Group
इस सांप की सबसे खास पहचान इसकी पूंछ है, जिसका आकार सिर जैसा गोल दिखाई देता है। इसी वजह से लोगों को भ्रम होता है कि इसके दो सिर हैं। जबकि वास्तविकता में इसका एक ही सिर होता है। यह सांप विषहीन है और सामान्यतः इंसानों के लिए खतरनाक नहीं होता।
रायपुर के कई इलाकों में पहले भी हो चुका है रेस्क्यू
नोवा नेचर वेलफेयर सोसायटी के सचिव मोईज खान के मुताबिक, रेड सैंड बोआ रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में पाया जाता है। हालांकि, इसके मिलने के मामले अपेक्षाकृत कम सामने आते हैं।
शहर के सड्डू, मोवा, पुराना विधानसभा और डूमरतराई सहित कई इलाकों में पहले भी इस प्रजाति के सांप का रेस्क्यू किया जा चुका है। इसके अलावा दुर्ग-भिलाई क्षेत्र में भी रेड सैंड बोआ की मौजूदगी देखी गई है।
अंधविश्वास के चलते अंतरराष्ट्रीय स्तर पर होती है तस्करी
रेड सैंड बोआ की सबसे बड़ी चिंता इसकी अवैध तस्करी है। मोईज खान के अनुसार, अंधविश्वास और इससे जुड़ी भ्रामक मान्यताओं के कारण इस सांप की अवैध मांग पैदा होती है। इसी वजह से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इसकी तस्करी के मामले भी सामने आते हैं।
दरअसल, इस सांप को लेकर कई तरह की गलत धारणाएं प्रचलित हैं, जिनका फायदा तस्कर उठाते हैं।
सांप दिखने पर न करें नुकसान, विशेषज्ञों को दें सूचना
वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार, घर या आसपास रेड सैंड बोआ समेत कोई भी सांप दिखाई देने पर उसे मारने या खुद पकड़ने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। इसकी सूचना प्रशिक्षित स्नेक रेस्क्यू टीम या वन विभाग को देनी चाहिए।
भाठागांव में हुए इस रेस्क्यू के बाद एक बार फिर वन्यजीव संरक्षण और अंधविश्वास के कारण होने वाली तस्करी को लेकर जागरूकता की जरूरत सामने आई है।