मां की गुहार पर पार्थ के इलाज की पहल
Join Our Whatsapp Group
राजनांदगांव निवासी पूर्णिमा साहू अपने तीन वर्षीय बेटे पार्थ को लेकर जनदर्शन में पहुंचीं। उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि पार्थ का जन्म समय से पहले हुआ था। जन्म के समय उसकी स्थिति कमजोर होने के कारण उसे करीब दो महीने तक अस्पताल में भर्ती रखना पड़ा था।
वर्तमान में भी बच्चा शारीरिक रूप से कमजोर है। उसकी आंखों में मोटा चश्मा लगा हुआ है और डॉक्टरों ने मोतियाबिंद की समस्या बताई है। चिकित्सकों ने आंखों में लेंस प्रत्यारोपण कराने की सलाह दी है, जिस पर लाखों रुपये खर्च होने की संभावना है।
परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण इलाज कराना संभव नहीं हो पा रहा था। मां की परेशानी सुनकर मुख्यमंत्री साय ने अधिकारियों को पार्थ के बेहतर उपचार की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पिता की पीड़ा सुन छयांश के ऑपरेशन के निर्देश
जनदर्शन में रायपुर के आमानाका क्षेत्र स्थित कुकुरबेड़ा निवासी अमित कोटांगले भी अपने छह वर्षीय बेटे छयांश के इलाज की गुहार लेकर पहुंचे। उनके साथ उनकी बुजुर्ग मां हिरकना बाई कोटांगले भी मौजूद थीं।
अमित ने बताया कि उनके दोनों बच्चों को जन्म से ही पैरों में चलने-फिरने की समस्या है। आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद उन्होंने बड़े बेटे का ऑपरेशन कराया, जिससे उसकी स्थिति में सुधार हुआ। लेकिन पैसों की कमी के चलते छोटे बेटे छयांश का ऑपरेशन नहीं हो पा रहा था।
अमित ने बताया कि उनकी पत्नी का निधन हो चुका है। ऐसे में दोनों बच्चों की परवरिश और परिवार की जिम्मेदारी वह अपनी बुजुर्ग मां और बहन की मदद से संभाल रहे हैं। सीमित आमदनी के कारण बेटे का इलाज कराना मुश्किल हो गया है।
परिवार की व्यथा सुनने के बाद मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को छयांश के पैरों के ऑपरेशन और बेहतर उपचार के लिए तत्काल आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दिए तत्काल सहायता के निर्देश
जनदर्शन में दोनों परिवारों की समस्याएं सुनने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बच्चों के उपचार को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री की पहल पर दोनों बच्चों के इलाज के लिए आवश्यक सहायता की प्रक्रिया शुरू की गई है।
आर्थिक तंगी के कारण नहीं रुकेगा बच्चों का इलाज
मुख्यमंत्री ने जरूरतमंद परिवारों को राहत पहुंचाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक कार्रवाई करने पर जोर दिया। जनदर्शन के माध्यम से आम लोगों की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं।
दो मासूम बच्चों के बेहतर भविष्य और उपचार के लिए मुख्यमंत्री की इस पहल से आर्थिक संकट से जूझ रहे दोनों परिवारों को नई उम्मीद मिली है।