नई दिल्ली। संसद के विशेष सत्र से पहले प्रस्तावित परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयक को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। शनिवार को INDIA गठबंधन के नेताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर बैठक कर सरकार के प्रस्तावित विधेयक पर रणनीति बनाई। बैठक में राहुल गांधी समेत कई विपक्षी दलों के नेता शामिल हुए। वहीं, शरद पवार की पार्टी NCP (SP) ने बैठक से दूरी बनाए रखी।


बैठक के बाद मल्लिकार्जुन खड़गे ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए परिसीमन विधेयक को लोकतंत्र के लिए बड़ा खतरा बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस विधेयक के जरिए सत्ता अपने हाथों में केंद्रित रखने की कोशिश कर रही है।
Join Our Whatsapp Group


खड़गे ने SC-ST के हितों को लेकर उठाए सवाल
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि प्रस्तावित परिसीमन व्यवस्था में अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) के हितों का पर्याप्त ध्यान नहीं रखा गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि परिसीमन के नाम पर इन वर्गों के साथ नाइंसाफी की जा रही है।


खड़गे के मुताबिक, यह विधेयक देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है। विपक्ष इस मुद्दे पर एकजुट होकर अपनी बात संसद में रखेगा।


बैठक में राहुल गांधी समेत कई बड़े नेता शामिल
INDIA गठबंधन की इस बैठक में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, केसी वेणुगोपाल और जयराम रमेश मौजूद रहे।
इसके अलावा तृणमूल कांग्रेस के अभिषेक बनर्जी, RJD के मनोज झा और अभय कुमार सिंह, CPI के पी. संतोष कुमार, IUML के ईटी मोहम्मद बशीर और RSP के एनके प्रेमचंद्रन सहित अन्य विपक्षी नेताओं ने भी हिस्सा लिया।


बैठक में प्रस्तावित परिसीमन विधेयक के राजनीतिक और संवैधानिक पहलुओं पर चर्चा की गई।
NCP (SP) ने क्यों बनाई दूरी?
शरद पवार की पार्टी NCP (SP) की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले इस बैठक में शामिल नहीं हुईं। उन्होंने इसकी वजह अपने पिता शरद पवार की खराब तबीयत बताई।


सुप्रिया सुले के अनुसार, वह सप्ताहांत में मुंबई में रहेंगी और सोमवार को संसद सत्र के लिए दिल्ली पहुंचेंगी।

हालांकि, परिसीमन विधेयक को लेकर NCP (SP) का रुख भी राजनीतिक चर्चा का विषय बना हुआ है। पार्टी नेता जितेंद्र आव्हाड ने 27 नवंबर को कहा था कि उनकी पार्टी विधेयक का समर्थन कर सकती है, बशर्ते सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या समान रूप से 50 प्रतिशत बढ़ाई जाए।


वहीं, सुप्रिया सुले और पार्टी सांसद अमोल कोल्हे ने विधेयक का मसौदा देखने के बाद ही अंतिम रुख तय करने की बात कही है।
30 नवंबर से शुरू होगा संसद का विशेष सत्र
केंद्र सरकार ने संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से बुलाया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और 1 दिसंबर को होगी, जबकि राज्यसभा की बैठक 2 और 3 दिसंबर को प्रस्तावित है।


इस विशेष सत्र में महिला आरक्षण को जल्द लागू करने से जुड़े परिसीमन आधारित संविधान संशोधन विधेयक पर चर्चा होने की संभावना है।
अब सबकी नजरें संसद के विशेष सत्र पर टिकी हैं। परिसीमन और महिला आरक्षण के मुद्दे पर सरकार और विपक्ष के बीच टकराव बढ़ने के आसार हैं।
Published By- | 28-Nov-2026 02:39:00 pm