रायगढ़। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए संचालित सीएम हेल्पलाइन 1076 ग्रामीणों के लिए मददगार साबित हो रही है। इसका ताजा उदाहरण धरमजयगढ़ विकासखंड के ग्राम भालूपखना के घुटरापारा में देखने को मिला, जहां शिकायत मिलते ही खराब सोलर ड्यूल पंप को दुरुस्त कर पेयजल व्यवस्था बहाल कर दी गई।


जानकारी के अनुसार, ग्राम निवासी नंद कुमार ने जल जीवन मिशन के तहत स्थापित सोलर ड्यूल पंप बंद होने की शिकायत सीएम हेल्पलाइन 1076 पर दर्ज कराई थी। पंप खराब होने के कारण ग्रामीणों को पेयजल के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
Join Our Whatsapp Group


शिकायत को गंभीरता से लेते हुए संबंधित क्रेडा विभाग ने तत्काल कार्रवाई की। विभागीय मैकेनिक द्वारा पंप की जांच की गई, जिसमें तकनीकी खराबी सामने आई। इसके बाद आवश्यक सुधार कार्य कर पंप को दोबारा चालू कर दिया गया। अब पंप सुचारू रूप से काम कर रहा है, जिससे ग्रामीणों के साथ-साथ राहगीरों को भी पेयजल की सुविधा मिल रही है।


समस्या का समाधान होने पर शिकायतकर्ता नंद कुमार ने संतुष्टि जाहिर की। वहीं ग्रामवासियों ने त्वरित कार्रवाई के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।


सीएम हेल्पलाइन 1076 से सीधे पहुंचा सकते हैं शिकायत
सीएम हेल्पलाइन 1076 आम नागरिकों को अपनी समस्याएं सीधे शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का माध्यम है। इस पर दर्ज शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजा जाता है, जहां अधिकारी जांच कर आवश्यक कार्रवाई करते हैं। शिकायत के निराकरण के बाद आवेदक से उसकी संतुष्टि भी ली जाती है। इस व्यवस्था का उद्देश्य नागरिकों को सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर लगाने से राहत दिलाना और उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है।
Published By- | 28-Nov-2026 02:49:00 pm