रोहतक। हरियाणा के रोहतक में हुए सनसनीखेज चौहरे हत्याकांड का CCTV वीडियो सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। 26 नवंबर को मिलन होटल में पांच हथियारबंद शूटरों ने फिल्मी अंदाज में घुसकर ताबड़तोड़ फायरिंग की और चार लोगों की हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी होटल से निकलते समय एक युवती को भी अपने साथ ले गए। पूरी घटना होटल में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।


होटल में घुसते ही बरसाईं गोलियां
Join Our Whatsapp Group
CCTV फुटेज के मुताबिक, पांचों शूटर हथियार लोड करते हुए होटल में दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने गेट के पास टेबल पर बैठे सन्नी रिटोलिया गैंग के सदस्यों रिंकू, यश और विनीत पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। गोलियां चलाने के बाद चार आरोपी होटल से बाहर निकल गए।


इसी दौरान उनकी नजर होटल के अंदर की तरफ भाग रहे छात्र हिमांशु पर पड़ी। एक शूटर ने अपने साथियों को वापस बुलाया। इसके बाद सभी हिमांशु के पीछे पहुंचे और उसे भी गोली मार दी।


जाते-जाते दोबारा की फायरिंग
वीडियो में यह भी दिखाई दे रहा है कि हिमांशु की हत्या करने के बाद शूटर दोबारा होटल में मौजूद रिंकू, यश और विनीत के पास पहुंचे और उन पर फिर से गोलियां चलाईं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी होटल से बाहर निकल गए। इस दौरान वे सन्नी रिटोलिया की कथित गर्लफ्रेंड को भी अपने साथ ले जाते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस इस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।


पोस्टमॉर्टम में मिले 20-21 गोली लगने के निशान
27 नवंबर को चारों मृतकों का पोस्टमॉर्टम कराया गया। रिपोर्ट के अनुसार, चारों के शरीर पर गोली लगने के कुल 20 से 21 निशान मिले हैं। पोस्टमॉर्टम के दौरान मृतकों के शरीर से 9 एमएम की कुल 14 गोलियां बरामद की गईं।


रिंकू के शरीर से 5 गोलियां मिलीं।
यश के शरीर से 4 गोलियां बरामद हुईं।
हिमांशु के शरीर से 3 गोलियां मिलीं।
विनीत के शरीर से 2 गोलियां निकाली गईं।
अलग-अलग हथियारों से फायरिंग की आशंका
पुलिस को घटनास्थल से अलग-अलग रंग के कारतूसों के खोल मिले हैं। इसके आधार पर वारदात में एक से अधिक हथियारों के इस्तेमाल की आशंका जताई जा रही है। पुलिस CCTV फुटेज और घटनास्थल से जुटाए गए अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।


हिमांशु भाऊ गैंग ने ली थी जिम्मेदारी
चौहरे हत्याकांड के बाद हिमांशु भाऊ गैंग ने सोशल मीडिया पर पोस्ट जारी कर वारदात की जिम्मेदारी ली थी। पुलिस अब तक तीन शूटरों की पहचान होने का दावा कर चुकी है। वहीं अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं।


CCTV फुटेज सामने आने के बाद मामले ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया है। पुलिस अब हत्याकांड के पीछे की वजह, आरोपियों की भूमिका और युवती को अपने साथ ले जाने के पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है।
Published By- | 28-Nov-2026 03:00:00 pm