रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के सामूहिक श्रवण कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं और विभिन्न मोर्चा-प्रकोष्ठों के साथ शामिल हुए। कार्यक्रम के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए प्रधानमंत्री के संबोधन, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और CGPSC भर्ती घोटाले सहित कई मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को 'मन की बात' के माध्यम से देशवासियों से संवाद करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री अपने संबोधनों में समय-समय पर छत्तीसगढ़ का उल्लेख करते हैं, जिससे प्रदेश का सम्मान बढ़ता है और यह राज्य के लिए गर्व का विषय है।



Join Our Whatsapp Group
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर कही यह बात

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सिद्धांतों और नैतिक मूल्यों पर चलने वाली पार्टी है, जहां देश सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान ने नैतिक जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए प्रधानमंत्री को अपना इस्तीफा सौंपा है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि धर्मेंद्र प्रधान छत्तीसगढ़ के प्रभारी रह चुके हैं और वे उन्हें व्यक्तिगत रूप से अच्छी तरह जानते हैं।

CGPSC भर्ती घोटाले पर कांग्रेस पर निशाना

CGPSC भर्ती घोटाले को लेकर मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को दूसरों पर सवाल उठाने से पहले अपने कार्यकाल पर नजर डालनी चाहिए। उनके अनुसार पिछली सरकार के समय प्रदेश के युवाओं के साथ अन्याय हुआ और भर्ती प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।

जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्रवाई जारी

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि उनकी सरकार युवाओं से किए गए वादे के अनुरूप भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि इसी नीति के तहत कार्रवाई जारी है और मामले में दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Published By- | 26-Jul-2026 02:43:00 pm