सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में आकाशीय बिजली गिरने से एक दर्दनाक हादसा हो गया। लखनपुर थाना क्षेत्र के बिनिया गांव में खेत में रोपा लगाने के दौरान आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 7 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग झुलस गए। घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब 4:30 बजे मौसम अचानक खराब हो गया। उसी दौरान बिनिया गांव में परिवार के साथ खेत में रोपा लगा रही बच्ची और अन्य लोग आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए। बिजली गिरते ही तीनों गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

Join Our Whatsapp Group
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तत्काल आरगोती स्थित संगवारी अस्पताल पहुंचाया गया। वहां जांच के बाद डॉक्टरों ने 7 वर्षीय प्रीति ठाकुर को मृत घोषित कर दिया। वहीं, अन्य दो घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और खेतों में काम करने से बचने की अपील की है।
Published By- | 26-Jul-2026 03:37:00 pm