धमतरी: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में बाढ़ के बीच लापता लोगों की तलाश लगातार जारी है। इसी दौरान साहनीखार एनीकट के पास एक और मछुआरे का शव बरामद किया गया है। मृतक की पहचान गुलाब पहरिया के रूप में हुई है, जो करीब एक सप्ताह पहले मछली पकड़ने के दौरान तेज बहाव में बह गया था। इसके साथ ही बाढ़ में लापता तीन लोगों में से दो के शव बरामद हो चुके हैं, जबकि एक मासूम की तलाश अब भी जारी है।

जानकारी के अनुसार, घोटगांव निवासी धनंजय तेता और गुलाब पहरिया अलग-अलग स्थानों पर एनीकट में मछली पकड़ने गए थे। इसी दौरान अचानक जलस्तर बढ़ गया और रपटे पर तेज बहाव आने से दोनों उसकी चपेट में आ गए। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने लगातार सर्च अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद दोनों के शव अलग-अलग स्थानों से बरामद किए गए।

Join Our Whatsapp Group
वहीं, सिरसिदा गांव का रहने वाला चौथी कक्षा का एक छात्र पांच दिन पहले घर से खेलने के लिए निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। आशंका जताई जा रही है कि वह भी उफनते नदी-नालों के तेज बहाव की चपेट में आ गया होगा। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

नदी-नालों का जलस्तर कम होने के बाद पुलिस, एसडीआरएफ और प्रशासन की टीमों ने रेस्क्यू और सर्च अभियान तेज कर दिया है। लापता छात्र की तलाश लगातार जारी है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के मौसम में नदी, नालों और एनीकट के आसपास जाने से बचें तथा सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करें।
Published By- | 03-Aug-2026 06:46:00 pm