पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देशन में संदिग्ध व्यक्तियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान गुढ़ियारी थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-7 के पीछे कुछ युवक संदिग्ध स्थिति में मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तीन युवकों को हिरासत में ले लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से एक देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, दो चाकू, 2,500 रुपये नकद और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर खुलासा किया कि वे पंडरी स्थित कल्याण ज्वेलर्स में रात के समय डकैती की योजना बना रहे थे।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने 1 अप्रैल 2026 को ज्वेलर्स की रेकी की थी। इस दौरान दुकान की सुरक्षा व्यवस्था, आसपास के रास्तों और वारदात को अंजाम देने की संभावनाओं का जायजा लिया गया था। पुलिस के अनुसार, फरार आरोपी मोबाइल के जरिए लगातार संपर्क में थे और रेकी से जुड़ी जानकारी साझा कर रहे थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान देवांश शर्मा (19), निवासी दिल्ली, सुशांत कुमार पासवान (19), निवासी दिल्ली और मयंक सिंह (19), निवासी मुजफ्फरपुर (बिहार) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने यह भी बताया कि आरोपी पहले दिल्ली में हुए एक आंदोलन में शामिल रहे थे। हालांकि, इस पहलू की भी अलग से जांच की जा रही है।
गुढ़ियारी थाना पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 310(4) (डकैती का प्रयास) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश के साथ-साथ हथियारों की व्यवस्था और पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।
पुलिस का कहना है कि समय रहते की गई कार्रवाई से राजधानी में एक बड़ी डकैती की वारदात टाल दी गई। मामले की विवेचना जारी है।