रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में मानसून की शुरुआत के साथ ही जंगली हाथियों का आतंक बढ़ गया है। धरमजयगढ़ वन मंडल में इन दिनों 124 हाथियों का दल अलग-अलग क्षेत्रों में विचरण कर रहा है। बीते तीन दिनों में हाथियों ने 6 मकानों, एक झोपड़ी, एक अहाते और एक ट्रैक्टर को नुकसान पहुंचाने के साथ ही 83 किसानों की फसलों को रौंद दिया है। वन विभाग नुकसान का आकलन कर प्रभावित लोगों को नियमानुसार मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया में जुटा है।

वन विभाग के मुताबिक, वर्तमान में धरमजयगढ़ वन मंडल में कुल 124 हाथी मौजूद हैं। इनमें 35 नर, 57 मादा और 32 शावक शामिल हैं। सबसे बड़ा 51 हाथियों का दल लैलूंगा रेंज के तीन अलग-अलग बीटों में सक्रिय है। इसके अलावा कापू रेंज में 29, बोरो रेंज में 23, धरमजयगढ़ रेंज में 15, छाल रेंज में 5 और बाकारूमा क्षेत्र में 1 हाथी विचरण कर रहा है।

Join Our Whatsapp Group
बारिश के मौसम में धान की फसलें तैयार होने के कारण हाथी भोजन की तलाश में जंगल से निकलकर गांवों की ओर पहुंच रहे हैं। इस दौरान वे खेतों में खड़ी फसल को नुकसान पहुंचाने के साथ-साथ कई बार मकानों और अन्य संपत्तियों को भी क्षतिग्रस्त कर रहे हैं। लगातार बढ़ रही घटनाओं से प्रभावित गांवों के ग्रामीणों में भय का माहौल है।

ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों की आवाजाही के कारण हर समय जान-माल का खतरा बना हुआ है। खेतों में काम करने और रात के समय बाहर निकलने में लोग डर महसूस कर रहे हैं।

स्थिति को देखते हुए वन विभाग ने हाथी प्रभावित गांवों में निगरानी बढ़ा दी है। वनकर्मियों के साथ हाथी मित्र दल लगातार गांव-गांव जाकर मुनादी कर रहा है और लोगों को हाथियों की गतिविधियों की जानकारी दे रहा है। विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे रात में अकेले खेत या जंगल की ओर न जाएं, हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें और कहीं भी हाथी दिखाई देने पर तुरंत वन विभाग को सूचना दें, ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि को रोका जा सके।

वन विभाग का कहना है कि प्रभावित किसानों और ग्रामीणों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने के लिए नुकसान का सर्वेक्षण जारी है।
Published By- | 01-Aug-2026 03:54:00 am